कुछ लोग बाल्टी में भरकर रसगुल्ले चोरी कर ले जा रहे हैं तो कुछ कच्चा पनीर रुमाल में छिपाकर ले जा रहे हैं। कहीं हवा में पत्तल फेंके जा रहे हैं और लोग उछल-उछलकर उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पूरियां आते ही लोग उन्हें लेकर भाग रहे हैं। कुछ लोग जमीन पर गिरी पूरियां उठा रहे हैं तो कुछ गत्ते और अखबार पर रखकर खाना खा रहे हैं। ये तस्वीरें मोकामा के विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की हैं। 25 नवंबर को हुई इस शादी में करीब 10 किलोमीटर तक जाम लगा था। शादी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, लेकिन खाने के इंतजाम के बीच भीड़ इस कदर बेकाबू हुई कि कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

 

शादी के दूसरे वीडियो में घुड़दौड़ देखने के लिए लोगों की खतरनाक हरकतें भी सामने आई हैं। लोग 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के खंभों पर चढ़कर घुड़दौड़ देख रहे हैं। खंभों पर कांटेदार तार और खतरे की चेतावनी के बोर्ड लगे होने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर ऊपर चढ़े हुए हैं। नीचे बड़ी संख्या में लोग खड़े होकर यह नजारा देख रहे हैं। दोनों वीडियो में शादी के आयोजन में उमड़ी भीड़ और उसे संभालने में आई मुश्किलें दिखाई दे रही हैं।

खाने के लिए मची छीना-झपटी

शादी में मेहमानों के लिए खाने की कई तरह की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद खाने के काउंटर पर इतनी भीड़ जुट गई कि लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। वायरल वीडियो में लोग पत्तल पाने के लिए एक-दूसरे पर चढ़ते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग हवा में उछाली गई पत्तलों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

 

एक वीडियो में लोग सब्जी के बर्तन से सीधे पनीर निकालकर खाते दिख रहे हैं। वहीं, एक व्यक्ति भीड़ के बीच सब्जी से भरे बड़े बर्तन में गिरता हुआ भी दिखाई देता है। कुछ लोग गत्ते और अखबार पर पूरी-सब्जी रखकर खाना खा रहे हैं। खाने के काउंटर पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियों का इस्तेमाल किए जाने का वीडियो भी सामने आया है।

यह भी पढ़ें: ‘हिंदुस्तान-पाकिस्तान से आएंगे लोग’, बेटी की शादी के न्योते पर बोले अनंत सिंह

4 लाख लोगों के भोजन का था इंतजाम

अनंत सिंह की बेटी की शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए लगभग 500 रसोइयों और कर्मचारियों को लगाया गया था। खाना बनाने के लिए 300 से ज्यादा काउंटर बनाए गए थे। भोज में आठ तरह की मिठाइयां, चार तरह की सब्जियां, लिट्टी-चोखा, डोसा और कश्मीरी पुलाव जैसे व्यंजन रखे गए थे। इसके बावजूद लोगों की भीड़ खाने के काउंटरों पर भारी पड़ गई। घुड़दौड़ देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

बिजली के खंभों पर चढ़े लोग

शादी में घुड़दौड़ का भी आयोजन किया गया था। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। वायरल वीडियो में कुछ लोग 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के खंभों पर चढ़े दिखाई दे रहे हैं। खंभों पर कांटेदार तार और चेतावनी बोर्ड लगे होने के बावजूद लोग ऊपर चढ़कर घुड़दौड़ देख रहे हैं। यह बेहद खतरनाक स्थिति थी। हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से जान जा सकती है। इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर खंभों पर चढ़े रहे। भीड़ को संभालना मुश्किल होने के कारण घुड़दौड़ तीन राउंड के बाद ही रोकनी पड़ी।

 

यह भी पढ़ें: '25 को आइए', अनंत सिंह ने खेसारी लाल को वीडियो कॉल कर बेटी की शादी में बुलाया

10 किलोमीटर तक लगा जाम

अनंत सिंह की बेटी की शादी में बिहार के कई राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोग पहुंचे थे। मेहमानों की भारी भीड़ के कारण नदवां गांव तक जाने वाले रास्ते पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थिति ऐसी हो गई कि कई मेहमान घंटों जाम में फंसे रहे। कुछ लोग जाम में फंसने के बाद शादी तक पहुंचे बिना ही वापस लौट गए। शादी के आयोजन और भोज के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कुछ लोग आयोजन में उमड़ी भीड़ के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं तो कुछ लोग आयोजकों की व्यवस्था और इतनी बड़ी भीड़ को संभालने की तैयारी पर सवाल कर रहे हैं।