तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को कुल 27 सीटें मिली हैं। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र (AIADMK) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही बीजेपी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई को ही टिकट नहीं दिया है। बीजेपी ने इस लिस्ट में अपनी सभी 27 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए हैं। इस लिस्ट में केंद्र सरकार में राज्यमंत्री एल मुरुगन, पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन और विनिती श्रीनिवास के नाम शामिल हैं। अन्नामलाई को टिकट न मिलने के सवाल पर तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन ने कहा है कि यह पार्टी का फैसला है। बीजेपी ने 27 में से 5 महिलाओं को टिकट दिया है।
तमिनलाडु में AIADMK की अगुवाई वाले इस गठबंधन में बीजेपी के अलावा अन्बुमणि रामादोस की अगुवाई वाली PMK को 18 सीटें और टीटीवी दिनाकरण की अगुवाई वाली AMMK को 11 सीटें मिली हैं। सबसे ज्यादा 178 सीटों पर AIADMK लड़ेगी और बीजेपी को 27 सीटें मिली हैं। इस तरह इस गठबंधन ने सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है और एक मजबूत गठबंधन पेश करने की कोशिश है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में कैसी है अल्पसंख्यक राजनीति, वहां का 'ओवैसी' कौन है?
तमिलनाडु बीजेपी के सबसे चर्चित नेताओं में रहे अन्नामलाई को टिकट न मिलने के सवाल पर राज्य बीजेपी के अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन ने कहा है, 'यह पार्टी हाई कमान का फैसला है। हमारे सारे 27 उम्मीदवार जरूर जीतेंगे।'
BJP ने किन नेताओं को उतारा?
बीजेपी की लिस्ट में तेलंगाना की राज्यपाल रहीं तमिलिसाई सौंदरराजन का नाम शामिल है। वह राज्यपाल का पद छोड़ने के बाद मार्च 2024 में फिर से बीजेपी में शामिल हो गई थीं। वह चेन्नई साउथ लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ी थीं लेकिन डीएमके की टी तंगापांडियन से हार गई थीं। अब उन्हें इसी लोकसभा क्षेत्र में आने वाली मायलापोर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। पिछली बार इस सीट पर AIADMK ने चुनाव लड़ा था लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में छोटे दलों के बराबर मिली BJP को सीटें, इनकी कितनी अहमियत है?
राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री एल मुरुगन को अवानाशी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। इस सीट पर साल 2001 से ही AIADMK जीतती आ रही है लेकिन इस बार यह सीट उसने BJP को दे दी है। तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष नयनार नागेंद्र को सत्तूर से, सी उदयकुमार को गंधर्वकोट्टई से औ, वनिती श्रीनिवासन को कोयंबटूर (नॉर्थ) से टिकट दिया गया है। इस सीट पर भी AIADMK पिछले तीन चुनाव सी जीतती आ रही है और उसने यह सीट BJP को दे दी है।
