चीन के पूर्वी शहर किंगदाओ के बंदरगाह पर एक विदेशी झंडे वाले मालवाहक जहाज में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब जहाज शिपयार्ड में रखरखाव के लिए खड़ा था। चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे शानडोंग प्रांत के किंगदाओ स्तित बेइहाई शिपबिल्डिंग कंपनी के शिपयार्ड में आग लगी।

 

आग की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी में कुछ लोगों के जहाज के अंदर फंसे या लापता होने की आशंका जताई गई थी। फिलहाल आग लगने की वजह और मौतों की परिस्थितियों की जानकारी सामने नहीं आई है।

 

यह भी पढ़ें: 'हम जीते तो हर आदमी को देंगे 5000 डॉलर', ट्रंप ने मुफ्त वाला वादा क्यों किया?

शी जिनपिंग ने दिए जांच के आदेश

चीन के राष्ट्रपति शी जिंपिंग ने हादसे के बाद लापता लोगों की तत्काल तलाश करने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ली चियांग ने जहाज में फंसे लोगों को बचाने और घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराने को कहा। उन्होंने राहत अभियान के दौरान दूसरी दुर्घटना रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। चीनी सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने घटनास्थल की तस्वीर जारी की है। इसमें शिपयार्ड में खड़े एक बड़े जहाज के पास कई दमकल की गाड़ियां दिखाई दे रही हैं। जहाज की पहचान ओशन मेलोडी के रूप में की जा रही है। करीब 190 मीटर लंबा यह बल्क कैरियर लाइबेरिया के झंडे के तहत संचालित होता है।

 

यह भी पढ़ें: सिक्योरिटी चैलेंज या अमेरिकी इश्क, पाकिस्तान पर क्यों घट रही चीन की दिलचस्पी?

पहले भी हुए हैं बड़े औद्योगिक हादसे

चीन में हाल के महीनों में आग और औद्योगिक दुर्घटनाओं की कई घटनाएं सामने आई हैं। मई में मध्य चीन की एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 37 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, जुलाई में पूर्वी फुजियान प्रांत की एक जूता फैक्ट्री में आग लगने से कम से कम 28 लोगों की जान गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बीच चीन में औद्योगिक इकाइयों और अन्य जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सरकार ने आग से बचाव के इंतजामों की जांच और सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया है।