अमेरिका में एक खुफिया रिपोर्ट ने हड़कंप मचा रखा है। अमेरिका खुफिया अधिकारियों का कहना है कि ईरान वाशिंगटन डीसी में डर्टी बम या केमिकल अटैक की योजना बना रहा है। इस बात का शक जताया गया कि ईरान केमिकल हमले से ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बना सकता है। वहीं कुछ अधिकारी इस बात पर बहस करने में जुटे हैं कि ईरान के पास ऐसे हमलों को अंजाम देने की क्षमता है भी या नहीं। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी तेहरान के निशाने पर हैं।
हाल ही में एयरलाइन सर्विस में आई रुकावट, माइक्रोसॉफ्ट आउटेज और एप्पल की ठप पड़ी सेवाओं ने पूरे अमेरिका में हड़कंप मचा दिया है। इस बीच एफबीआई ने लोगों को साइबर अटैक के प्रति आगाह किया है। इससे उन आशंकाओं को बल मिल रहा है कि साइबर हमलों के पीछे ईरान का हाथ है।
यह भी पढ़ें: क्लिंटन से जेन्सेन तक, अमेरिका में तूफान लाने वाले अफेयर स्कैंडल
वाशिंगटन में ईरान के हमलों से बचने की तैयारी आरंभ कर दी गई है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले हफ्ते एक बैठक हुई थी। इसमें डर्टी बम या केमिकल हमले से निपटने के तरीके पर चर्चा की गई। कई अधिकारियों ने आगाह किया है कि अमेरिका पर गैर-पारंपरिक हथियार से हमले का खतरा बहुत अधिक है। इसमें डर्टी बम की आशंका बहुत प्रबल है। समझते हैं कि यह डर्टी बम क्या है, यह कितना घातक हो सकता है। खुफिया रिपोर्ट पर अमेरिका और ईरान ने क्या कहा?
क्या होता है डर्टी बम?
डर्टी बम को बनाना काफी आसान होता है। इसमें पांरपरिक बमों में रेडियोएक्टिव पदार्थ को रखकर धमाका किया जाता है। बम बनाने आसान है, लेकिन सबसे मुश्किल काम रेडियोएक्टिव पदार्थ हासिल करना है। यह बम जब फटता है तो मीलों दूर तक रेडिएशन फैला सकता है।
धमाके वाली जगह लोगों की जान जा सकती है। वहीं सांस के माध्यम से रेडियोएक्टिव पदार्थ के अंदर जाने से लोग बीमार पड़ सकते हैं। लंबे समय तक रेडियोएक्टिव पदार्थ के संपर्क में रहने से कैंसर जैसी घातक बीमारी भी हो सकती है। यह बम अचानक लोगों में घबराहट, भय और डर का माहौल पैदा कर सकता है।
डर्टी बम साधारण बम की तरह होता है। न्यूक्लियर बम इससे बिल्कुल अलग है। उसमें न्यूक्लियर-फिजन रिएक्शन से बेहद शक्तिशाली धमाका होता है, जबकि डर्टी बम में साधारण बम की तरह विस्फोट किया जाता है।
क्या अमेरिका तक पहुंच चुका सामान?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ईरान कैसे अमेरिका तक बम का सामान और रेडियोएक्टिव पदार्थ पहुंचााएगा। इसका जवाब यह है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी उन दावों की पड़ताल में जुटी हैं, जिसमें कहा गया कि अमेरिका के अंदर ही बम बनाने का सामान छिपा है। अधिकारियों का आशंका है कि ईरान ने पहले ही केमिकल एजेंट या न्यूक्लियर सामान जमा कर रखा है। इसका इस्तेमाल डर्टी बम में किया जा सकता है। अधिकारियों ने यह भी स्वीकार किया कि ईरान को अमेरिका में ट्रेंड लोगों को भेजने की जरूरत नहीं है। उसे सिर्फ अमेरिका में मौजूद किसी एक व्यक्ति को हमले के लिए मनाना होगा।
ट्रंप और रुबियो के अलग-अलग बयान
डर्टी बम से जुड़े सवाल पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'अगर ईरान ने वॉशिंगटन पर हमला किया तो उसे ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी जैसी पहले किसी देश ने नहीं चुकाई होगी। उनका प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।'
उधर व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा, 'अमेरिका किसी भी और सभी संभावित खतरों पर निगाह रख रहा है, लेकिन इस समय होमलैंड के लिए कोई भरोसेमंद खतरा नहीं है।' ट्रंप के इतर मार्को रुबियो ने खतरे वाली बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लकता है कि कोई खतरा है।
डर्टी बम के आरोपों पर ईरान ने क्या बोला?
ईरान ने वाशिंगटन में डर्टी बम हमले से जुड़ी खबरों का खंडन किया। ईरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बखाई ने कहा, 'जिन लोगों ने युद्ध शुरू किया, वे आगे के हमले और अत्याचारों के लिए वैधता का दिखावा करने का प्रयास कर रहे हैं।' संयुक्त राष्ट्र में ईरानी मिशन के प्रवक्ता ने कहा, 'ईरान किसी भी स्थिति में केमिकल हथियारों के इस्तेमाल को पूरी तरह से गैर-कानूनी मानता है और इस बारे में फैलाए गए झूठे और मनगढ़ंत आरोपों को साफ तौर पर खारिज करता है।'
क्या डर्टी बम कभी इस्तेमाल किया गया?
दुनियाभर में अभी तक डर्टी बम के इस्तेमाल का स्पष्ट मामला सामने नहीं आया है। हालांकि कई बार इसे बनाने और धमाका करने का प्रयास जरूर किया गया। साल 2022 में रूस ने यूक्रेन पर डर्टी बम बनाने का आरोप मढ़ा था। साल 2003 में ब्रिटिश अधिकारियों ने दावा किया था अल-कायदा के पास डर्टी बम बनाने की क्षमता है। अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में मिले दस्तावेजों के आधार पर यह दावा किया गया था।
यह भी पढ़ें: यूक्रेन, उत्तर कोरिया के लिए मिसाइल टेस्ट की जमीन बन गया है?
जब होते-होते बचे डर्टी बम हमले
रूस की राजधानी मॉस्को के इजमाइलोव्स्की पार्क में चेचन विद्रोहियों ने 1995 में सीजियम-137 कंटेनर में डर्टी बम प्लांट किया था। मीडिया को इसकी जानकारी भी दी, लेकिन धमाका नहीं हो सका। 1998 में सुरक्षा बलों चेचन्या में एक डर्टी बम को निष्क्रिय किया था। चेचन्या रेलवे लाइन के पास रेडियोएक्टिव पदार्थ के साथ बम लगाया गया था। 2002 में एक अमेरिकी नागरिक जोस पाडिला ने डर्टी बम से हमला करने की साजिश रची थी। उसे योजना बनाते ही पकड़ लिया गया था।
