सुबह उठते ही एक गिलास पानी पीना यह बात घर के बड़े बुज़ुर्ग हमेशा से कहते आए हैं। एक रिसर्च में सामने आया कि भारत के करीब 75 फीसदी लोग किसी न किसी हद तक शरीर में पानी की कमी से परेशान हैं। मतलब हम में से ज़्यादातर लोग थोड़े थोड़े प्यासे रहते हैं और हमें पता भी नहीं चलता।
अब सोचो अगर दिन में यह हाल है, तो रात के 7 से 8 घंटे सोने के बाद सुबह शरीर किस हाल में उठता होगा। पानी की यह कमी सीधे पेट, दिमाग और पूरे शरीर पर असर डालती है। आयुर्वेद सदियों से इस बात को समझता आया है और इसीलिए सुबह खाली पेट पानी पीने को बहुत जरूरी माना गया है। आज की साइंस भी रिसर्च करके यही बात कह रही है। आइए जानते हैं क्या क्या फायदे होते हैं।
यह भी पढ़ें: कब्ज से हैं परेशान? इन 6 घरेलू नुस्खों से पेट होगा तुरंत साफ
1. आयुर्वेद में इसे उषापान कहते हैं
आयुर्वेद में सुबह खाली पेट पानी पीने को 'उषापान' कहा गया है। आयुर्वेद के मुताबिक, गुनगुना पानी पेट की पाचन शक्ति को जगाता है और शरीर में जमी गंदगी को साफ करने में मदद करता है। रात भर सोने के बाद पेट सुस्त पड़ जाता है तो सुबह गुनगुना पानी पीना उसे फिर से चालू करने का सबसे आसान तरीका है।
2. पेट की पाचन शक्ति ठीक रहती है
रात भर सोने के बाद आंतें सुस्त पड़ जाती हैं। सुबह खाली पेट पानी पीने से उनकी हलचल फिर से शुरू हो जाती है और खाना पचाने वाले रस भी सही तरीके से काम करने लगते हैं। जिन लोगों को अक्सर पेट साफ न होने की परेशानी रहती है उनके लिए यह आदत बहुत काम की है।
3. शरीर एक्टिव हो जाता है और खाना जल्दी पचता है
जर्मनी की एक यूनिवर्सिटी की रिसर्च में पाया गया कि सुबह खाली पेट आधा लीटर पानी पीने के सिर्फ 30 मिनट के अंदर शरीर 30 फीसदी तक ज्यादा एक्टिव हो जाता है। यानी शरीर खाने को एनर्जी में जल्दी बदलने लगता है खाना भी अच्छे से पचता है और दिन भर थकान भी कम लगती है।
4. दिमाग तेज चलता है और ध्यान लगता है
लंदन की एक यूनिवर्सिटी की रिसर्च में पता चला कि शरीर में थोड़ी सी भी पानी की कमी होने पर याददाश्त और ध्यान लगाने की क्षमता 10 से 15 फीसदी तक कम हो जाती है। सुबह पानी पीने से दिमाग को जरूरी चीजें मिलती हैं और आप पहले घंटे से ही बेहतर तरीके से काम कर पाते हैं।
5. किडनी और लिवर का काम आसान हो जाता है
पानी खून में मिली गंदगी को पतला कर देता है जिससे वो पेशाब के रास्ते आसानी से बाहर निकल जाती है। इससे किडनी और लिवर दोनों को कम मेहनत करनी पड़ती है। जब शरीर में पानी कम होता है तो किडनी पर ज्यादा दबाव पड़ता है और पथरी का खतरा भी बढ़ जाता है।
6. त्वचा अच्छी रहती है
हमारी त्वचा में करीब 70 से 75 फीसदी पानी होता है। जब शरीर में पानी की कमी होती है तो त्वचा रूखी और बेजान दिखने लगती है। रोज सुबह पानी पीने से त्वचा को सही पोषण मिलता रहता है और वो लंबे समय तक ठीक रहती है।
7. कितना और कैसे पीना है
सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुना पानी काफी है। पानी इतना गर्म हो कि आराम से घूंट घूंट पिया जा सके। दिन भर में 6 से 8 गिलास पानी पीना चाहिए। पानी हमेशा धीरे धीरे पियें एक साथ गटकने से फायदा नहीं होता। खाना खाने के तुरंत बाद और सोने से पहले ज्यादा पानी पीने से बचें।
यह भी पढ़ें: ऑफिस में बैठने से दुख जाती है पीठ? ये एक्सरसाइज आसान बना देंगी जिंदगी
8. इन लोगों को थोड़ा ध्यान रखना होगा
जिन लोगों को एसिडिटी या पेट में जलन रहती है उन्हें बहुत गर्म पानी नहीं पीना चाहिए। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सिर्फ हल्का गुनगुना पानी ही लेना चाहिए। शुगर के मरीज अगर पानी में नींबू या शहद मिलाना चाहते हैं तो पहले डॉक्टर से पूछ लें।
