मानसून का मौसम अपने साथ ठंडक और राहत लेकर आता है लेकिन इसी मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल, डेंगू, पेट से जुड़ी बीमारियां और फंगल इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। बारिश का पानी, बढ़ी हुई नमी और जगह-जगह जमा गंदगी की वजह से बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी आपको बार-बार बीमार कर सकती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को इस मौसम में अपनी सेहत का ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत होती है।
हालांकि कुछ आसान आदतों को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करके इन मौसमी बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। साफ सफाई का ध्यान रखना, पौष्टिक खाना खाना, साफ पानी पीना और शरीर को स्वस्थ रखना जैसी छोटी-छोटी बातें आपको पूरे मानसून में फिट रखने में मदद कर सकती हैं। आइए जानते हैं बारिश के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए कौन-सी 7 आदतें आज से ही अपनानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: कूलर में आ रही है बदबू? इन घरेलू उपायों और आसान तरीकों से मिनटों में करें दूर
1. हाथों को बार-बार साफ करें
घर आने के बाद, खाना खाने से पहले और बाहर की किसी चीज को छूने के बाद साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक हाथ जरूर धोएं। इससे इंफेक्शन का खतरा कम होता है।
2. उबला या साफ पानी ही पिएं
बारिश के मौसम में पानी दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हमेशा उबला हुआ या फिल्टर किया हुआ पानी पिएं ताकि पेट से जुड़ी बीमारियों से बचा जा सके।
3. बाहर का खाना कम खाएं
बरसात में सड़क किनारे मिलने वाला खाना जल्दी खराब हो सकता है। कोशिश करें कि घर का ताजा और साफ भोजन ही खाएं।
4. भीगने के बाद तुरंत कपड़े बदलें
अगर आप बारिश में भीग गए हैं तो घर पहुंचते ही सूखे कपड़े पहन लें। लंबे समय तक गीले कपड़ों में रहने से सर्दी-जुकाम और फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: AC की सर्विस कितने दिनों में करानी चाहिए? जानिए सही समय
5. घर और आसपास सफाई रखें
घर में पानी जमा न होने दें और रसोई व बाथरूम को साफ रखें। इससे मच्छरों और कीटाणुओं के पनपने की संभावना कम होती है।
6. पर्याप्त नींद और संतुलित आहार लें
रोज 7–8 घंटे की नींद लें और खाने में मौसमी फल, हरी सब्जियां और विटामिन-सी वाली चीजें शामिल करें। इससे शरीर की बीमारियों से लड़ने की ताकत बढ़ती है।
7. हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें
बारिश की वजह से अगर बाहर नहीं जा पा रहे हैं तो घर पर ही 20-30 मिनट योग, स्टेचिंग या हल्की एक्सरसाइज करें। इससे शरीर सक्रिय रहेगा और इम्यूनिटी बेहतर होगा।
