असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक घटना में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के लापता जवान का शव बरामद कर लिया गया है। 32 साल के कांस्टेबल (GD) के. वेणु 23 नवंबर यानी सोमवार सुबह संदिग्ध पशु तस्करों का पीछा करते समय अचानक लापता हो गए थे। घटना के दो दिन बाद, बुधवार सुबह करीब 8:20 बजे उनका शव श्रीभूमि जिले के स्टीमरघाट के पास कुशियारा नदी में बहता हुआ मिला।
मूल रूप से तेलंगाना के रहने वाले वेणु असम के काटीगोरा इलाके की हरिनगर बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) पर तैनात थे। BSF के मिजोरम और कछार फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक (DIG) अहसान शाहेदी ने जवान का शव मिलने की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुखद खबर बताया। शुरुआती जांच में जवान के शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं लेकिन मौत की सही वजह जानने के लिए शव को सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SMCH) पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: शरजील और उमर खालिद को नहीं मिली अंतरिम जमानत, SC ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब
बांग्लादेश ले जाने की अटकलें हुईं खारिज
जवान के अचानक गायब होने के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि शायद तस्कर या सीमा पार के लोग उन्हें बांग्लादेश ले गए हैं। हालांकि, BSF ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया था। मंगलवार को DIG शाहेदी ने साफ किया था कि बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BGB) की तरफ से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है। जवान का पता लगाने के लिए दोनों देशों के कमांडेंट स्तर की बैठकें भी हुई थीं लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।
सोमवार सुबह BSF को खुफिया जानकारी मिली थी कि हरिनगर चौकी के पास से 4 से 5 संदिग्ध लोग मवेशियों की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए जब जवानों ने उनका पीछा किया तो वेणु लापता हो गए थे। जवान को ढूंढने के लिए नदी में SDRF, NDRF, रिवर पुलिस और BSF की टीमों ने लगातार तलाशी अभियान चलाया, जो बुधवार सुबह शव मिलने के साथ खत्म हुआ।
यह भी पढ़ें: NAMASTE योजना के 3 साल बाद भी सीवर में मौतें, क्या रोबोट खत्म करेंगे मजबूरी?
राजकीय सम्मान के साथ घर जाएगा पार्थिव शरीर
BSF अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जवान के पार्थिव शरीर को हवाई रास्ते से उनके गृह राज्य तेलंगाना ले जाया जाएगा। इस दौरान फोर्स के वरिष्ठ अधिकारी भी साथ रहेंगे और वहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
