दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अपना पिछला प्रदर्शन दोहराया है। ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। उन्होंने NSUI के विजय शंकर मीणा को 2053 वोटो से हरा दिया। यश को 24,576 वोट मिले, जबकि मीणा को 22,523 बॉट मिले।

 

ABVP ने अध्यक्ष के अलावा सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी कब्जा जमाया है। सचिव पद पर रिया चावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह ने जीत हासिल की है। रिया को कुल 21,650 वोट मिले, जबकि लक्ष्य को 16,615 वोट मिले।

 

यह भी पढ़ें: MP: उफनते नाले में बही कार, बगलामुखी जा रहे 8 श्रद्धालुओं की मौत

जीत के बाद यश डबास ने दिया बयान

जीत के बाद यश डबास ने कहा, 'यह सद्भाव, देशभक्ति और संघ की सामूहिक ताकत की जीत है। PU से लेकर DU तक के संस्थानों के छात्रों ने हमारी जीत सुनिश्चित करने के लिए काम किया है। NSUI का कैंपस से पूरी तरह सफाया हो गया है और उसे 4-0 से हार मिली है।' उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने पिछली बार भी 3-1 से जीत दर्ज की थी और इस बार भी 3-1 से जीत मिली है। अगली बार हम 4-0 से जीत दर्ज करेंगे।

दीपांशु शौकीन ने सबको चौंकाया

निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने  दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में बड़े छात्र संगठनों को चुनौती देते हुए चौंका दिया है। दीपांशु ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। उन्होंने ABVP और NSUI को पीछे छोड़ते हुए कुल 30,634 वोट हासिल किए।

तीन साल में मतदान सबसे ज्यादा

DUSU चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 मतदान केंद्रों पर दो चरणों में वोटिंग हुई थी। इस बार कुल 40.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे ज्यादा है। पिछले साल मतदान प्रतिशत 39.5 फीसदी रहा था।

 

यह भी पढ़ें: 'पता नहीं क्या योग्यता चाहिए', NSUI प्रेसिडेंट वाले इंटरव्यू पर बोले रौनक खत्री

 

मतगणना नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में कराई गई। इस दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चुनाव में ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन समेत प्रमुख छात्र संगठनों के कुल 20 उम्मीदवार मैदान में थे।