ट्रेनों में अक्सर यात्रियों के सामानों की चोरी की घटनाएं सामने आती हैं। इसमें कईयों का सामान बरामद कर लिया जाता है तो कईयों का कभी नहीं मिलता। इस बीच चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) दिल्ली मंडल ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध लैपटॉप चोर है। उसे चोरी के एक लैपटॉप बैग के साथ में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

 

RPF दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगातार CCTV कैमरों की निगरानी और तकनीकी के आधार पर चोरी के गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। रेलवे ले जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लैपटॉप बैग चोरी होने संबंधी कई शिकायतें 139 हेल्पलाइन के जरिए से मिल रही थीं।

 

यह भी पढ़ें: केजरीवाल से एस जयशंकर तक को SIR का नोटिस, क्या सफाई दे रहा चुनाव आयोग?

दो विशेष टीमों का गठन किया गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली मंडल के रेलवे सुरक्षा बल ने संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद CCTV फुटेज पर निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों के साथ में व्यक्तियों की निगरानी की। CCTV निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद RPF ने उसकी निगरानी करके गिरफ्तार कर लिया।

फुट ओवर ब्रिज से हुई गिरफ्तारी

सुरक्षा बलों ने चोर को चोरी के लैपटॉप बैग सहित रंगे हाथों स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज से गिरफ्तारी कर लिया। गिरफ्तार चोर की पहचान शादाब पुत्र शमशाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र 25 साल है, जो यूपी के मेरठ का रहने वाला है। RPF ने शादाब को गिरफ्तार करके सामान सहित कानूनी कार्रवाई के लिए GRP को सौंप दिया। 

लैपटॉप चोरी की बात स्वीकारी

पूछताछ दौरान शादाब ने लैपटॉप चोरी की लगभग 12–15 घटनाओं में संलिप्तता की बात स्वीकार की। साथ ही बताया कि चोरी किए गए लैपटॉप उसने सिल्वर इंपेक्ट शॉप (Silver Impact Shop), निर्माण विहार में बेचे थे। सूचना के आधार पर GRP ने दुकान पर छापा मारकर वहां से कुल 11 लैपटॉप बरामद किए।

 

बरामद लैपटॉप के सीरियल नंबर के सत्यापन के दौरान तीन लैपटॉप संबंधित ई-FIR में दर्ज संपत्ति के विवरण से मेल खाते पाए गए। बाकी के आठ लैपटॉप को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 103, जहां लागू हो, के अंतर्गत कब्जे में लिया। पुलिस इन लैपटॉप को उनके मालिकों तक पहुंचाने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। शेष बरामद लैपटॉपों का अन्य दर्ज चोरी के मामलों से संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच एवं सत्यापन जारी है।

 

यह भी पढ़ें: पहली गिरफ्तारी में चूक हुई तो पुलिस की मनमानी पर कैसे लगेगी लगाम? SC से समझिए

क्या बोले दिल्ली मंडल के DRM? 

दिल्ली मंडल के मंडल DRM पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने इस सफल कार्रवाई में शामिल RPF अधिकारियों और कर्मचारियों की तारीफ की है। साथ ही कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की सुरक्षा रेलवे सुरक्षा बल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने मूल्यवान सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रति सतर्क रहें। किसी भी तरह की चोरी, संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी समस्या को 139 पर कॉल करें और RPF/GRP को सूचित करें।