देश की राजधानी दिल्ली में आज से BRICS सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। लगभग एक दर्जन देशों के राष्ट्राध्यक्ष या प्रतिनिधि भारत मंडपम में जुटने वाले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। इस दौरान कहीं जाम की स्थिति ना बने इसके लिए नोएडा और दिल्ली की पुलिस ने कई जगहों पर डायवर्जन लागू किया है और कुछ रास्तों को सामान्य ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में अगर आप दिल्ली में रहते हैं या नोएडा से दिल्ली जाते हैं तो आपको ट्रैफिक प्लान की जानकारी होना अनिवार्य है। इस प्लान से आप यह समझ पाएंगे कि किन रास्तों पर अगले दो-तीन दिन तक जाना है और किन पर नहीं जाना है।

 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जो ट्रैफिक प्लान लागू किया है वह आज दोपहर 2:30 बजे से रात के 8:30 बजे तक लागू रहेगा। इसके तहत सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, राजेश पायलट मार्ग जैसे 25 से ज्यादा रोड प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा कुल 22 डायवजन प्वाइंट बनाए गए हैं जहां से ट्रैफिक की दिशा बदली जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में क्या खुला रहेगा क्या बंद रहेगा? BRICS समिट से पहले पुलिस ने खुद बताया

दिल्ली में कहां-कहां नहीं जा सकते?

इस डायवर्जन के दौरान दिल्ली के दिल कहे जाने वाले राजीव चौक के पास C-हेक्सागन और आउटर सर्कल में जाने की अनुमति नहीं है। इसी तरह तिलक मार्ग, मथुरा रोड और मदर टेरेसा क्रीसेंट की ओर जाने की अनुमति नहीं है। अगर आप मथुरा रोड का इस्तेमाल करते हैं तो इस दौरान आपको बहादुरशाह जफर रोड से होते हुए इंद्रप्रस्थ मार्ग के जरिए जाना होगा।

 

दिल्ली के सरदार पटेल रोड, शांति पथ, अफ्रीका एवेन्यू की ओर, मैक्स म्युलर मार्ग, भैरों रोड, अमृता शेरगिल मार्ग और अरबिंदो मार्ग के भी कुछ हिस्सों पर डायवर्जन लागू है।

रेलवे स्टेशन जाने वाले क्या करें?

अगर इस दौरान आपको ट्रेन पकड़नी है तो तो नई दिल्ली जाने के लिए आप कश्मीरी गेट से बुलवार्ड रोड, फिर रानी झांसी मार्ग, फिर DBG रोड,  पंचकुइयां रोड और CP के आउटर सर्कल से होते हुए स्टेशन पहुंच सकते हैं। 

दूसरा रास्ता आश्रम चौक से रिंग रोड, राजघाट और जवाहर लाल नेहरू रोड से होते हुए स्टेशन तक जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: एजेंडा, प्लान और तैयारी, भारत में होने वाले BRICS सम्मेलन के बारे में सब जानिए

मेट्रो, कैब और बस का क्या होगा?

इस दौरान मेट्रो सेवाएं पहले ही तरह ही जारी रहेंगी और कहीं किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। जिन रास्तों पर डायवर्जन लागू है वहां VIP मूवमेंट के चलते बसों का रास्ता बदला जा सकता है। कहीं पर भी सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी करने की अनुमति नहीं है।

ट्रैफिक पुलिस ने सलाह दी है कि ट्रेन पकड़ने के लिए आप अतिरिक्त समय लेकर निकलें। इसके लिए भी टैक्सी या कैब के बजाय मेट्रो या बस का इस्तेमाल करें। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी मेट्रो से जाने की सलाह दी गई है।     

नोएडा से दिल्ली जाने वालों का क्या होगा?

प्लान से मुताबिक, अगर आप चिल्ला रेड लाइन से दिल्ली में प्रवेश करते हैं और अगर आप कहीं और जाना चाहते हैं तो आपको चिल्ला रेड लाइट से यूटर्न लेना होगा। यहां से आपको नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और फिर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए जाना होगा।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में 11 सितंबर को रहेगी छुट्टी, BRICS समिट के चलते बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर

 

DND के रास्ते भी अगर आप दिल्ली में जाना चाहते हैं और आपको दिल्ली पार करके कहीं और जाना है तो आपको भी यही रास्ता लेना होगा। इसी तरह कालिंदी कुंज से दिल्ली में प्रवेश करने वाले ट्रैफि को यमुना नदी से पहले ही अंडरपास तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए दिल्ली जाने वाली गाड़ियों को जीरो प्वाइंट से परी चौक, P3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेल पकड़ना होगा।

इस दौरान इमरजेंसी वाली गाड़ियों जैसे कि एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड के लिए कोई रोकटोक नहीं है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि यह डायवर्जन 10 सितंबर से 13 सितंबर तक उन गाड़ियों के लिए जो नॉन डेस्टिन्ड हैं। यानी ऐसी भारी, हल्की और मध्यम मालवाहक हाड़ियों जो नोएडा से दिल्ली में प्रवेश करके कहीं अन्य जाना चाहती है। इनके अलावा अन्य वाहकों का भी दिल्ली में प्रवेश वर्जित कर दिया गया है।