देशभर में मौसम का मिजाज अब बदल रहा है। ज्यादातर राज्यों में ठंड खत्म हो गई है लेकिन अब बारिश और उमस भरी गर्मी लोगों की टेंशन बढ़ाने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर जो बर्फीली हवाएं चल रही हैं, वे थोड़ी कमजोर हो जाएंगी। इससे तापमान में जो गिरावट दर्ज की जा रही थी, वह रुक जाएगी। इसके साथ ही सर्दी गायब होना शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 16 फरवरी से लेकर 18 फरवरी तक उत्तर भारत के 7 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं और आसमानी बिजली से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, दक्षिण भारत में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश, बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश ला सकता है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: AI समिट 2026: 1, 2 दिन नहीं, अगले 5 दिन ट्रैफिक जाम से जूझेंगे दिल्ली के लोग
कहां होगी बर्फबारी?
मौसम विभाग के अनु्सार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 से 19 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
पंजाब-राजस्थान में बारिश
पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी?
मौसम विभाग ने बताया कि हवा के रुख में भी बदलाव देखा जा रहा है, जिससे तापमान पर असर पड़ेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री की गिरावट भी आ सकती है। हालांकि, इस दौरान पश्चिमी भारत में तापमान में कोई खास बढ़ोतरी दर्ज नहीं की जाएगी लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बिहार के कोचिंग संस्थानों पर कसा शिकंजा, थानेदार रखेंगे पूरा ब्योरा
कोहरे का असर भी दिखेगा
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में कोहरे का असर दिखाई देने की बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी के आगरा, ओरैया, अयोध्या, बदायूं, बागपत, बलिया, बलरामपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, झांसी, जालौन, कानपुर, लखनऊ में हल्के से मध्यम और घने कोहरे की चेतावनी है। इसके अलावा हरियाणा के गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, हिसार, रोहतक और करनाल जिलों में भी सुबह के समय कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम रहेगी। इसके साथ ही पंजाब के मृतसर, पटियाला, फिरोजपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, लुधियाना, मोगा और पठानकोट में कोहरे से दिक्कत हो सकती है। हिमाचल के कुछ जिलों में भी कोहरा छाए रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में गर्मी
एक तरफ उत्तर प्रदेश में ठंड के सितम से लोगों को हल्की राहत मिलने की उम्मीद है वहीं, दक्षिण भारत में मौसम गर्म होना शुरू हो गया है। कर्नाटक और गोवा में 16 फरवरी को उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। इसके साथ ही तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने की संभावना है। आज देशभर के मौसम में बदलाव होने की संभावना है।
