दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ट्रेन पर चढ़ने और सीट के नाम पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हरिद्वार जाने वाली योग एक्सप्रेस ट्रेन की जनरल बोगी पर चढ़ते वक्त एक युवक और कुछ यात्रियों के बीच विवाद हो गया। धक्का-मुक्की और बहस से शुरू हुआ मामला मौत तक जा पहुंचा। मृतक युवक की पहचान पंकज धामा के रूप में हुई है।
वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 यानी गैर इरादतन हत्या और धारा 3 (5) के तहत केस दर्ज किया है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस की गोद में बैठे हैं उद्धव ठाकरे...', अमित शाह के बयान का मतलब क्या?
प्लेटफॉर्म नंबर तीन की है घटना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे योग एक्सप्रेस शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर रुकी। भीड़ अधिक होने के कारण जनरल बोगी पर चढ़ते वक्त धक्का-मुक्की होने लगी। इसी बीच पंकज का अन्य यात्रियों से विवाद हो गया। बोगी के गेट पर ही आरोपियों ने पंकज पर हमला करना शुरू कर दिया। चार-पांच युवक लात-घूंसों से पंकज को पीटते हैं। तभी एक पुलिस कर्मी बीच बचाव करता है, लेकिन चोट अधिक लगने के कारण पंकज प्लेटफॉर्म पर ही गिर जाता है।
यह भी पढ़ें: मांग में सिंदूर, आसपास सुहाग के निशान, फंदे पर लटका मिला प्रेमी जोड़ा
कभी देर तक प्लेटफॉर्म पर ही पड़ा रहा पंकज
आरोपी आराम से अपना झोला उठाकर चले जाते हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ने तक की कोशिश नहीं की। दूसरी तरफ पंकज काफी देर तक वहीं पड़ा रहता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुरानी दिल्ली रेलवे थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कभी देर बाद पंकज को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि शरीर के अंदरूनी हिस्से में अधिक चोट लगने के कारण पंकज की जान गई है।


