नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सभी संगठनात्मक कमेटियों को अचानक भंग किए जाने के बाद बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आरजेडी अब अपनी आखिरी सांसें गिन रही है, पार्टी के अंदर कलह और गुटबाजी इस कदर बढ़ गई है कि उनका माई समीकरण भी टूट चुका है।

 

शाहनवाज ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि बाकीपुर और यूपी के चुनाव में पार्टी की जमानत तक डूब गई है जिससे आरजेडी अब सिर्फ वीर चंद पटेल मार्ग और लालू के घर तक सिमट कर रह गई है और तेजस्वी यादव का बिहार में अब मन नहीं लगता क्योंकि यहां का मौसम भी उन्हें ठीक नहीं लगता।

यूरोप की तरह बिहार को बनाएंगे

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता ने कहा कि हम लोग कोशिश कर रहे हैं कि बिहार यूरोप से भी अच्छा दिखे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आप चिंता न करें। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 5 सालों में यूरोप की तरह बिहार को बनाएंगे। तब तेजस्वी बिहार में आराम से रहेंगे। अभी उनका मन नहीं लगता है तो जिस काम में मन न लगे उसे क्यों करना। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी के पास न नीति है न नीयत। पार्टी सिर्फ परिवार तक सीमित हो गई है। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का भरोसा टूट चुका है। इसीलिए तेजस्वी को संगठन भंग करने पड़े।

 

यह भी पढ़ें: महुआ मोइत्रा केस: सुप्रीम कोर्ट ने 'अंडे' पर क्या कहा कि CJP भड़की?

कांग्रेस पर वार

झारखंड में हो रहे छात्र और युवा प्रोटेस्ट को लेकर भी शाहनवाज ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झारखंड में जो प्रदर्शन हो रहा है वह हेमंत सरकार और कांग्रेस की नाकामी के खिलाफ है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को प्रयागराज की चिंता है लेकिन जंतर मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के पास नहीं गए। न ही झारखंड जा रहे हैं। राहुल गांधी सिर्फ अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। सब लोग जान रहे हैं कि वह किस तरह की राजनीति कर रहे हैं।

मोदी ने बनाए कड़े कानून

शाहनवाज ने कहा कि राहुल गांधी के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक रोकने के लिए संसद में कड़ा कानून पास कर दिया है। सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम कर रही है। लेकिन कांग्रेस के पास इसका कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के लिए कोई काम नहीं बचा है वह सिर्फ झूठ फैलाकर राजनीति करना चाहता है। 

 

यह भी पढ़ें: Gen Z को साधने की तैयारी में JDU, निशांत कुमार के लिए खास प्लान तैयार

 

बीजेपी की सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए लगातार काम कर रही है। शाहनवाज ने दावा किया कि बिहार में बीजेपी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन बहुत तेजी से बढ़ रहा है। आरजेडी पार्टी के अंदर भगदड़ मची हुई है और पंचायत स्तर के कार्यकर्ता भी पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। वहीं बीजेपी के कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर सरकार की योजनाएं लोगों को बता रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि बिहार की जनता अब जाति की राजनीति छोड़कर केवल विकास चाहती है और सरकार इसी रास्ते पर आगे बढ़ रही है।