हरियाणा विधानसभा में हाल ही में संपन्न राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। जहां कांग्रेस ने एक सीट बड़ी मुश्किल से जीती, वहीं पार्टी के अंदर क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने आंतरिक कलह को उजागर कर दिया है। कांग्रेस के पांच विधायकों पर पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ क्रॉस वोटिंग करने का आरोप लगा है, जिसके चलते पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।
राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को हुआ था, जिसमें दो सीटों के लिए मतदान हुआ। कांग्रेस के 37 विधायकों के बावजूद पार्टी उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को महज 28 मत मिले, जो जीत के लिए न्यूनतम आवश्यक संख्या थी। पांच कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, जबकि चार कांग्रेस मत और एक बीजेपी मत अमान्य घोषित किए गए। इससे कांग्रेस बहुत कम मार्जिन से जीती और बीजेपी ने एक सीट आसानी से जीती।
यह भी पढ़ें: नीतीश की जीत के अगले दिन केसी त्यागी का JDU से इस्तीफा, खत में बयां हुआ दर्द
चार विधायकों के नाम
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर क्रॉस वोटिंग करने वाले चार विधायकों के नाम सार्वजनिक किए। इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इजराइल और साढौरा से रेनू बाला। उन्होंने कहा कि पार्टी के 36 मतों में से 5-6 अमान्य हुए और कुछ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। पार्टी की अनुशासन समिति रिपोर्ट भेजेगी, जिसके आधार पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सख्त कार्रवाई करेगी। इन विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जिन्हें सात दिनों में जवाब देना होगा।
शैली चौधरी के नाम पर चर्चा
जिन विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे हैं उनमें सबसे ज्यादा चर्चा नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी की है। उन्होंने आरोपों का खंडन करते हुए भावुक अपील की है। शैली ने कहा, 'आप देख सकते हैं कि किसे फंसाया जा रहा है और किसे बचाया जा रहा है। नौ लोगों के वोट अमान्य कर दिए गए और हमें खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। मेरे पति को बहुत ठेस पहुंची है और हमारा पूरा परिवार इससे प्रभावित हुआ है।'
उन्होंने आगे कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। ससुर, पति और अब खुद राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा, 'हमने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है, आज गलत तरीके से आरोप लगाए जा रहे हैं।' शैली ने पहले भी आरोपों को बेबुनियाद बताया था और कुछ रिपोर्टों में उन्होंने इस्तीफे की मांग पर कहा कि फैसला उनकी जनता करेगी।
हरियाणा में गुटबाजी
यह घटना हरियाणा कांग्रेस में पहले से चल रही गुटबाजी को और गहरा कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी क्रॉस वोटिंग और अमान्य मतों पर नौ विधायकों के नाम हाईकमान को सौंपे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस की जीत पर सवाल उठे और बीजेपी ने इसे 'वोट चोरी' का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव के बाद बिहार कांग्रेस में भूचाल, 3 विधायकों के कदम से मचा हड़कंप
कार्रवाई करेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, जैसा ओडिशा में हुआ। यह मामला पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े कर रहा है, खासकर आगामी चुनावों से पहले। शैली चौधरी जैसे विधायकों का भावुक बचाव पार्टी में नए विवाद का कारण बन सकता है।
