उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी इस बार नए चुनावी नारे और बदली हुई रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। कभी ‘जय श्रीराम’ के नारे के जरिए हिंदुत्व की राजनीति को धार देने वाली बीजेपी अब ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के संदेश के साथ चुनावी माहौल बनाने की तैयारी में है। मथुरा में हुई प्रदेश स्तरीय योजना बैठक में मिशन-2027 का यही नया सियासी मंत्र सामने आया है।
बीजेपी की इस रणनीति के पीछे केवल चुनावी नारा बदलने की कवायद नहीं, बल्कि विपक्ष के पीडीए फॉर्मूले का जवाब तैयार करने की कोशिश भी दिखाई दे रही है। पार्टी जातीय समीकरणों की राजनीति के मुकाबले सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सनातन परंपरा, धार्मिक विरासत, विकास और कानून-व्यवस्था को चुनावी विमर्श के केंद्र में लाना चाहती है। मथुरा से तैयार हुए रोडमैप में संगठन को मजबूत करने के साथ धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के जरिए जनता के बीच पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
बैठक के अंतिम दिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य , ब्रजेश पाठक समेत संगठन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बीजेपी और संघ के कुल 56 नेताओं ने मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया और जीत का रोडमैप तैयार किया।
बैठक में इस बात पर जोर रहा कि चुनाव की तैयारी केवल अंतिम समय में नहीं, बल्कि अभी से बूथ स्तर तक शुरू की जाए। संगठन के नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।
यह भी पढ़ें: 'यज्ञ में हड्डियां डालते थे दैत्य, अब पोस्ट करते हैं', धीरेंद्र शास्त्री का तंज
PDA की काट बनेगा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद
समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को चुनौती देने के लिए बीजेपी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को प्रमुख चुनावी हथियार बनाने की तैयारी में है। पार्टी का मानना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को जोड़कर व्यापक जनसमर्थन तैयार किया जा सकता है।
‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। मथुरा की धार्मिक पहचान को चुनावी संदेश से जोड़कर बीजेपी ब्रज क्षेत्र से लेकर प्रदेश के दूसरे हिस्सों तक सांस्कृतिक जुड़ाव का माहौल बनाने की कोशिश करेगी।
बूथ मजबूत करने पर सबसे ज्यादा जोर
बीजेपी ने चुनावी जीत की सबसे अहम कड़ी बूथ प्रबंधन को माना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। पार्टी की कोशिश है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाया जाए।
इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय करने, मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने और संगठन की कमजोर कड़ियों को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी का फोकस केवल बड़े नेताओं की रैलियों पर नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर मजबूत चुनावी नेटवर्क तैयार करने पर है।
यह भी पढ़ें: अरविंद प्रताप कौन हैं? जिन्होंने कन्नौज में मुलायम को दी थी चुनौती
SIR को भी चुनावी तैयारी से जोड़ा
विधानसभा चुनाव की रणनीति में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को भी अहम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से जुड़े कामों पर नजर रखने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय रहने का संदेश दिया गया है।
बीजेपी की रणनीति साफ है कि 2027 के चुनाव में संगठन, बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मुद्दों को एक साथ आगे बढ़ाया जाए। अब देखना होगा कि ‘जय श्रीराम’ के बाद ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का यह नया चुनावी संदेश 2027 में बीजेपी के लिए कितनी सियासी जमीन तैयार कर पाता है।
