भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ग्रैंड चेस टूर के जागरेब लेग में शनिवार (4 जुलाई) को रैपिड वर्ग वाला अपना शानदार फॉर्म दोहराने में नाकाम रहे और ब्लिट्ज वर्ग के शुरुआती 9 राउंड में सिर्फ 3.5 अंक ही हासिल कर पाए। इस बीच फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने शानदार खेल दिखाते हुए मजबूत बढ़त बना ली है। कम्पटीशन में अब सिर्फ एक दिन का खेल बाकी है।
अलीरेजा ने तेज खेल वाले इस फॉर्मेट में कमाल का प्रदर्शन किया और 9 में से 8 अंक हासिल किए। उन्होंने 20 अंक के साथ अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वियों उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव पर तीन अंक की बड़ी बढ़त बना ली है। प्रज्ञानानंदा 15.5 अंक के साथ चौथे स्थान पर खिसक गए हैं, जबकि वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश का दिन भी औसत रहा और वह 14 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: दूसरे टी20 में जीत रही थी टीम इंडिया, एक ओवर में कैसे पलट गया पासा?
अलीरेजा की पास मजबूत बढ़त
ग्रैंड चेस टूर के इतिहास में सबसे दमदार प्रदर्शन में से एक में अलीरेजा ने आधे खिलाड़ियों को कम से कम 7 अंक पीछे छोड़ दिया है। जर्मनी के विन्सेंट कीमर 13 अंक के साथ छठे स्थान पर हैं। नीदरलैंड्स के अनीश गिरी उनसे आधा अंक पीछे हैं, जबकि रोमानिया के डीक बोगदान डैनियल के 11.5 अंक हैं। नीदरलैंड्स के जोर्डन वैन फोरेस्ट उनसे 2 अंक और पीछे हैं, जबकि क्रोएशिया के इवान सारिक सिर्फ 5 अंक के साथ सबसे नीचे हैं।
यह भी पढ़ें: किलियन एमबापे के रिकॉर्ड गोल से क्वार्टर फाइनल में फ्रांस, अब मोरक्को से भिड़ंत
प्रज्ञानानंदा करेंगे पोडियम फिनिश?
रैपिड वर्ग के बाद अलीरेजा के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर चल रहे प्रज्ञानानंदा ब्लिट्ज वर्ग में अपनी लय खो बैठे। दिन की शुरुआत कीमर पर जीत के साथ करने के बाद प्रज्ञानानंदा ने गिरी के साथ अगली बाजी ड्रॉ खेली लेकिन फिर लगातार चार हार ने उनके आत्मविश्वास को कम कर दिया। टूर्नामेंट के चौथे दिन इस भारतीय खिलाड़ी ने आठ में से 3.5 अंक जुटाए।
गुकेश के लिए भी स्थिति काफी अलग नहीं थी लेकिन उन्होंने प्रज्ञानानंदा से आधा अंक अधिक हासिल किया। सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चैंपियन गुकेश ने चार बाजी गंवाई। ब्लिट्ज वर्ग में अभी भी 9 राउंड खेले जाने बाकी हैं लेकिन टॉप स्थान लगभग तय हो चुका है। अगर प्रज्ञानानंदा दो लाख डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट के आखिरी दिन लय वापस पा लेते हैं तो उनके पास अब भी पोडियम पर जगह बनाने का मौका होगा।


