5 टी20 मैचों की सीरीज का चौथा मैच भारतीय टीम के लिए करो या मरो जैसा था। इस बार भी नतीजा वही रहा और श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेल रही इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) के धुरंधर ों से सजी भारतीय टीम इंग्लैंड के आगे बेबस नजर आई। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम सिर्फ 158 रन बनाए जिसमें 80 रन तो कप्तान श्रेयस अय्यर के थे। दो बदलावों के बावजूद भारतीय टीम की गेंदबाजी बेहद खराब रही और इंग्लैंड ने 14वें ओवर में ही सिर्फ एक विकेट खोकर मैच जीत लिया। इंग्लैंड ने इस जीत के साथ सीरीज भी जीत ली है और उसने भारत को पहली बार टी20 सीरीज भी हरा दी है।

  

इंग्लैंड ने अपने कप्तान हैरी ब्रूक और फिल सॉल्ट के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी के बलबूते नौ विकेट की एकतरफा जीत के साथ पांच मैच की सीरीज में 3-0 की विजयी बढ़त बना ली। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहली बार कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीती है। हाल ही में भारत ने आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज गंवाई थी। भारतीय टीम को अपने नए कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पिछले छह मैच में से पांच में हार का सामना करना पड़ा है जबकि छठा मैच बारिश की भेंट बढ़ गया था।

 

यह भी पढ़ें: 92 साल तक किसी ने नहीं पूछा, अब लॉर्ड्स में कैसे हो रहा है महिला टेस्ट?

चौथे T20 में क्या हुआ?

भारत के 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक (नाबाद 79 रन, 35 गेंद, आठ चौके, चार छक्के) और सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ( नाबाद 59 रन, 42 गेंद, नौ चौके, एक छक्का) के बीच दूसरे विकेट की 146 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 13.5 ओवर में एक विकेट पर 159 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। इससे पहले, भारत ने कप्तान अय्यर की 49 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी और शिवम दुबे (22) के साथ चौथे विकेट के लिए उनकी 53 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 158 रन बनाए थे। अय्यर के अलावा भारत का कोई अन्य बल्लेबाज लय में नजर नहीं आया।

 

इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने क्रमश: 20 और 36 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर जोस बटलर (08) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने विकेटकीपर ईशान किशन को कैच थमाया। इसके बाद हैरी ब्रूक और सॉल्ट ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। ब्रूक ने आते ही अर्शदीप पर छक्के से खाता खोला। सॉल्ट ने प्रिंस यादव का स्वागत तीन चौकों के साथ किया जबकि अगले ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा पर भी तीन चौके मारे। इंग्लैंड ने पावर प्ले में एक विकेट पर 62 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की कमजोरी है शॉर्ट बॉल? IPL वाले अवतार से इंग्लैंड में बनेगा काम

 

हैरी ब्रूक ने आठवें ओवर में वाशिंगटन सुंदर को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में तीन चौकों और एक छक्के से 19 रन बटोरे और फिर अगले ओवर में अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे अक्षर पटेल की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ सिर्फ 21 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सॉल्ट ने भी प्रसिद्ध पर दो चौकों के साथ 34 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अर्शदीप की गेंद पर चौका और फिर एक रन के साथ इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचाया।

नहीं चले भारतीय बल्लेबाज

इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही जब वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर नाकाम रहे और सिर्फ 15 रन बनाने के बाद आर्चर की गेंद को मिड ऑन पर सैम कुरेन के हाथों में खेल गए। ईशान किशन भी सिर्फ चार रन बनाने के बाद टंग की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर कुरेन को आसान कैच दे बैठे। भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाए। सिर्फ कप्तान अय्यर अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने टंग और कुरेन पर चौके जड़ने के बाद आर्चर की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 14 गेंद में 16 रन बनाकर स्पिनर आदिल राशिद को उन्हीं की गेंद पर कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर तीन विकेट पर 48 रन हो गया।

 

यह भी पढ़ें: IND vs ENG: 'तिलक वर्मा कप्तान भी बनेंगे...' दिग्गज ने टीम मैनेजमेंट पर कसा तंज

 

अय्यर ने राशिद की गेंद पर भी छक्का जड़ा जबकि शिवम दुबे ने भी टंग और कुरेन की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए। भारत के रनों का शतक 13वें ओवर में पूरा हुआ लेकिन विल जैक्स के इसी ओवर में दुबे ने टॉम बेंटन को कैच थमा दिया। उन्होंने 23 गेंद की अपनी पारी में दो चाके मारे। अय्यर ने राशिद पर चौके और छक्के के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। तिलक वर्मा (11) ने जोश टंग पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को बैकवर्ड प्वाइंट पर रेहान अहमद के हाथों में खेल गए।अय्यर ने 18वें ओवर में राशिद को निशाना बनाते हुए उनकी लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौके के साथ टीम के 150 रन पूरे किए लेकिन भारतीय टीम अंतिम दो ओवर में आठ रन ही बना सकी।