साउथ अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन का कहना है कि अगर न्यूजीलैंड रविवार को अहमदाबाद में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में मेजबान भारत को नहीं हरा पाता, तो उसे 'चोकर्स' का टैग मिलना चाहिए। स्टेन के मुताबिक, घरेलू परिस्थितियों में भारत को हराना न्यजीलैंड के लिए लगभग नामुमकिन होगा।  

 

कीवी टीम ने कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले गए पहले सेमीफाइनल में खिताब की प्रबल दावेदार और अक्सर 'चोकर्स' कही जानी वाली साउथ अफ्रीकी टीम को हराकर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। वहीं भारत ने गुरुवार को मुंबई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। 

 

स्टेन ने कहा कि न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका की तुलना में ज्यादा बार वर्ल्ड कप फाइनल खेले हैं और अगर वह रविवार को भी खिताब जीतने से चूक जाता है, तो 'चोकर्स' का ठप्पा उसे दे देना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: फिन एलन नहीं, यह कीवी बैटर है बड़ा टेंशन, कैसे निपटेगा भारत?

3 ICC फाइनल हार चुका है न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड 2019 वनडे वर्ल्ड कप, 2021 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा लेकिन इन तीनों ही मौकों पर उसे हार का सामना करना पड़ा। स्टेन ने एबी डिविलियर्स के 'यूट्यूब चैनल' पर उनसे बातचीत में कहा, 'सच कहूं तो हर कोई साउथ अफ्रीका को चोकर्स कहता है लेकिन मैं यह कहूंगा कि न्यूजीलैंड की टीम ने भी ज्यादा वर्ल्ड कप नहीं जीते हैं और वह हमसे ज्यादा फाइनल खेल चुकी है। न्यूजीलैंड के लोग मेरी बातों का बुरा ना माने लेकिन इस बार जीत जाओ।'

 

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, 'नहीं तो मैं आधिकारिक तौर पर यह कार्ड (चोकर्स का टैग) तुम्हें सौंप दूंगा, अब यह तुम्हारा है। मुझे न्यूजीलैंड पसंद है लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह भारत को हरा पाएगा।'

 

यह भी पढ़ें: 'हम कुछ दिल तोड़...' भारत के खिलाफ फाइनल से पहले क्या बोले कीवी कप्तान सैंटनर?

'भारत बड़ी चूक नहीं करे तो बनेगा चैंपियन'

टेस्ट क्रिकेट में 400 से अधिक विकेट लेने वाले साउथ अफ्रीका के इस महान तेज गेंदबाज का मानना है कि भारत फाइनल का प्रबल दावेदार है और अगर टीम ने कोई 'बहुत बड़ी चूक' नहीं की तो उसके लिए इस मैच में हार का सामना करना मुश्किल है। स्टेन ने कहा, 'भारत को बड़ी चूक होने पर ही हराया जा सकता है। मैं कह रहा हूं कि यह संभव है। मैं चाहता हूं कि न्यूजीलैंड जीते लेकिन क्या वह भारत को हरा पाएगा? मुझे लगता है कि नहीं।' 

 

न्यूजीलैंड की टीम ने 2000 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने के बाद से अब तक 8 ICC फाइनल खेले हैं लेकिन इनमें से वह सिर्फ एक (2021 WTC) ही जीत सकी है।