संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन की पारी खेल भारतीय टीम को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया था। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में भी 89 रन की बेजोड़ पारी खेली। संजू ने प्लेइंग-XI में वापसी के बाद से टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम को स्थिरता दी है। अब उनसे फाइनल में भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं। भारत-न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद में खेला जाना है।

 

संजू अपनी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे लेकिन उन्हें कीवी टीम के दो तेज गेंदबाजों मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन से सावधान रहना होगा। हेनरी और फर्ग्यूसन ने हालिया टी20 सीरीज में संजू को खासा परेशान किया था। टी20 इंटरनेशनल में हेनरी के खिलाफ संजू का रिकॉर्ड भी उतना अच्छा नहीं है। इन दोनों खिलाड़ियों का तीन बार आमना-सामना हुआ है। इस भिड़ंत में हेनरी ने बाजी मारी है। उन्होंने संजू को 2 बार पवेलियन भेजा है। वहीं संजू ने उनकी गेंदों पर 150 के स्ट्राइक से 15 रन बनाए हैं।

 

यह भी पढ़ें: क्या सचमुच 'पनौती' है नरेंद्र मोदी स्टेडियम, कैसा है भारत का रिकॉर्ड?

फर्ग्यूसन ने 3 गेंद में 1 बार किया है आउट

लॉकी फर्ग्यूसन ने 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में संजू को चलता किया था। टी20I में दोनों की यह पहली भिड़ंत थी। संजू ने फर्ग्यूसन की 3 गेंद खेली, जिस पर 1 रन ही बना पाए और अपना विकेट गंवा बैठे।

 

 पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने संजू को सलाह दी कि है उन्हें शुरू में सतर्क होकर खेलना होगा। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मुझे लगता है कि संजू सैमसन को मैट हेनरी के खिलाफ थोड़ा सावधान रहना होगा, क्योंकि हेनरी स्मार्ट हैं। वह फुल गेंद करेंगे और गेंद को आपसे दूर ले जाएंगे। आप क्रीज के अंदर तक जाते हैं और उसने पहले भी आपको परेशान किया है। मुझे लगता है कि उसके खिलाफ पहली गेंद पर डक आया था। शायद वह गुवाहाटी का मैदान था। गेंद बिल्कुल फुल थी और वह जाकर स्टंप्स से टकराई थी।'

 

यह भी पढ़ें: वानखेड़े जैसी होगी अहमदाबाद की पिच, फाइनल में भी बरसेंगे रन

 

आकाश ने आगे कहा,  'न्यूजीलैंड बहुत अच्छा प्लान बनाएगा। इसलिए आपको उनके खिलाफ थोड़ा ध्यान से खेलना होगा। लॉकी फर्ग्यूसन तिरुवनंतपुरम में लास्ट मैच में आए और गेंद को स्टंप्स पर मारा। मैं आपसे उनके खिलाफ पूरी ताकत लगाने के लिए नहीं कहूंगा, क्योंकि हर बार 250 रन बनाना जरूरी नहीं है। आपको थोड़ा समय देकर तेजी दिखानी होगी।'