भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को हुए क्रिकेट मैच में पाकिस्तान की जमकर पिटाई हुई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मैच श्रीलंका के  कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया और भारतीय टीम ने 61 रनों के बड़े अंतर से इस मैच को जीत लिया। मैच से पहले पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मान तारिक को लेकर काफी हाइप बनाया गया था लेकिन उन्हें गेंदबाजी करने के लिए काफी देर तक रोक कर रखा। अब टीम के हेड कोच माइक हेसन ने बताया कि टीम ने यह फैसला क्यों लिया। 

 

उस्मान तारिक को लेकर मैच से पहले पाकिस्तान ने काफी हाइप बनाई थी और दावा किया जा रहा था कि भारतीय गेंदबाजों के लिए वह मुसीबत बन सकते हैं। ऐसे में उनके ओवर का इंतजार हर किसी को था लेकिन उन्हें गेंदबाजी का मौका 11वें ओवर में दिया गया। 11वें ओवर तक तो इशान किशन ने अपना काम कर दिया था।

 

यह भी पढ़ें: IND vs PAK: 'मैंने जहां चाहा वहां..', ईशान किशन ने पाक को पीटने के बाद क्या कहा?

 

तारिक ने की अच्छी गेंदबाजी

गेंदबाज तारिक को भले ही देर से मौका दिया गया हो लेकिन उन्होंने अच्छा स्पेल किया। उन्होंने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट किया और शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 24 गेंदों में 24 रन दिए।  हालांकि, उनका प्रदर्शन पाकिस्तान को जीत नहीं दिला पाया। पाकिस्तानी टीम को भारत से एक बार फिर मुंह की खानी पड़ी। 

क्या बोले कोच?

तारिक की देर से एंट्री पर अब पाकिस्तानी टीम पर सवाल उठने लगे थे। तारिक उस्मान को लेकर उठ रहे इन सवालों के जवाब में पाकिस्तानी टीम के हेड कोच माइक हेसन ने जवाब दिया है। उनका कहना है कि उस्मान उस समय अच्छा प्रदर्शन करते हैं जब बैटर उन पर अटैक करने की कोशिश करते हैं। 

 

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेसन ने कहा, 'उस्मान का हमारी टीम के लिए खास रोल है और जब उन पर अटैक करते हैं तो वह बहुत अच्छा खेलते हैं। अगर आप पूछेंगे कि क्या वह पावरप्ले के बाद बॉलिंग कर सकते तो मैं कहूंगा कि हां वह कर सकते थे लेकिन अबरार अहमद और शादाब खान ने पावरप्ले के बाद हमारे लिए बहुत अच्छा काम किया है। उन दोनों का एक ओवर ऐसा था जो लेंथ के मामले में उनके हिसाब से नहीं गया। मैं किसी भी दिन उन्हें सिलेक्ट करूंगा लेकिन आज यह हमारे काम नहीं आया। हालांकि, उस्मान ने आज रात बहुत बढ़िया प्रदर्शन किया।'

 

यह भी पढ़ें: 'जाहिल, बेकार...,' पाकिस्तानी टीम हारी तो मोहसिन नकवी को शोएब अख्तर ने लताड़ा

पाकिस्तान ने स्पिनर्स से फिंकवाए 18 ओवर

भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में पाकिस्तान ने 14 साल बाद किसी मैच में अपने स्पिनर्स से 18 ओवर फिंकवाए। पाकिस्तान ने इससे पहले साल 2012 में कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 ओवर स्पिनर्स से फिंकवाए थे। इस मैच में पाकिस्तानी स्पिनर्स पर भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी जरूर हुई लेकिन फिर भी भारत ने अच्छा स्कोर किया।