इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 41वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बुधवार (29 अप्रैल) को खेला गया। यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग रहा, जिसमें SRH ने 6 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की। MI ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए रायन रिकलटन (नाबाद 123) की विस्फोटक शतकीय पारी की मदद से 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे SRH ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
SRH की ओर से अभिषेक शर्मा ने 24 गेंद में 45, जबकि ट्रेविस हेड ने 30 गेंद में 76 रन ठोके। इन दोनों के आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला और 30 गेंद में नाबाद 65 रन जड़ते हुए SRH को बिना किसी परेशानी के विशाल लक्ष्य तक पहुंचा दिया। सलील अरोड़ा ने भी कमाल दिखाते हुए महज 10 गेंद में नाबाद 30 रन ठोके।
यह भी पढ़ें: बैटिंग में फ्लॉप, फील्डिंग में भी डूबोई लुटिया; नमन धीर पर भड़के फैंस
अभिषेक-हेड की आतिशी साझेदारी
बड़े रन चेज में अभिषेक और हेड ने SRH को आतिशी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में 92 रन बटोरे। उन्होंने फील्ड खुलने के बाद भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 8.4 ओवर में 129 रन की तूफानी साझेदारी की। एएम गजनफर ने अभिषेक के रूप में SRH को पहला झटका दिया। गजनफर ने इसके बाद अगली ही गेंद पर ईशान किशन को क्लीन बोल्ड कर MI की वापसी करवा दी। SRH इस दोहरे झटके से उबरी भी नहीं थी कि अगले ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने हेड को चलता कर दिया। देखते-देखते ही SRH का स्कोर 129/0 से 133/3 हो गया। MI के पास यहां से मैच पर पकड़ बनाने का सुनहरा मौका था लेकिन क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने चौथे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर उसे बैकफुट पर धकेल दिया।
नीतीश ने भले ही 17 गेंद में 20 रन बनाए लेकिन उन्होंने मुश्किल समय में विकेट पर समय बिताया, जिससे क्लासेन ने खुलकर अपने शॉट खेले। नीतीश के आउट होने के बाद क्लासेन और सलील अरोड़ा ने 14 गेंद में 36 रन जोड़ SRH को एकतरफा जीत दिला दी। यह SRH की लगातार पांचवीं जीत रही। वह 9 मैचों में 12 पॉइंट्स के साथ टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: रिकलटन ने जड़ा शतक, विल जैक्स ने भी किया धुआं-धुआं, अब कहां खेलेंगे रोहित शर्मा?
रिकलटन के शतक पर फिरा पानी
पहले बैटिंग करने उतरी MI को विल जैक्स और रिकलटन की ओपनिंग जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 93 रन की साझेदारी की। विल जैक्स (46) को नीतीश ने अपने स्पेल की पहली ही गेंद पर विकेट के पीछे लपकवाया। सूर्यकुमार यादव एक बार फिर फ्लॉप रहे। उन्होंने 5 गेंद खेलकर 5 रन बनाए। उनके जाने के बाद क्रीज पर उतरे नमन धीर भी नहीं चल पाए और उन्होंने 17 गेंद में सिर्फ 22 रन बनाए। हालांकि रिकलटन एक छोर से लगातार बड़े शॉट खेल रहे थे।
उन्होंने 44 गेंद में अपना शतक पूरा किया, जो मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड है। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 15 गेंद में 31 रन की पारी खेल उनका अच्छा साथ निभाया। रिकलटन अंत तक नाबाद रहे और 55 गेंद में 10 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 123 रन की पारी खेल MI को उसके तीसरे सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह भी नाकाफी साबित हुआ।
