आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस उसके पूर्वी दिल्ली की कोंडली विधानसभा के विधायक कुलदीप कुमार को उठाकर अज्ञात स्थान पर ले गई। पार्टी ने यह भी कहा है कि दिल्ली पुलिस उन्हें नहीं बता रही है कि विधायक कुलदीप कहां हैं। इस घटना को लेकर दिल्ली में सियासत तेज हो गई है। मामले में दिल्ली पुलिस ने अभी तक कोई बयान या सफाई नहीं दी है।

 

कुलदीप कुमार को लेकर आम आदमी पार्टी और उसके अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है। केजरीवाल ने पूछा, प्रधानमंत्री मोदी जी, हमारे विधायक कुलदीप कुमार कहां हैं?'

 

यह भी पढ़ें: राजस्थान: असिस्टेंट कलेक्टर का ड्राइवर 25000 की रिश्वत लेने पर हुआ गिरफ्तार

 

केजरीवाल ने पीएम मोदी से पूछा सवाल

 

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पीएम मोदी से कहा, 'सुबह 4 बजे आपकी दिल्ली पुलिस कुलदीप कुमार को उनके घर से उठा ले गई, CCTV तोड़ दिए और DVR साथ ले गई। आपकी पुलिस कुछ नहीं बता रही। अगर एक विधायक को बिना किसी जानकारी के बिना किसी कारण इस तरह पुलिस घर से उठा कर ले जा सकती है तो इस देश में आम आदमी बेचारा कहां जाए।' उन्होंने कहा कि ये देश आपकी ऐसी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेगा।

 

 

 

 

सौरभ भारद्वाज ने लगाया आरोप

 

'आप' ने कहा कि दिल्ली पुलिस उसके विधायक कुलदीप कुमार को अज्ञात स्थान पर ले गई है। पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस एक मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार पर उसका अंतिम संस्कार करने के लिए दबाव बना रही है।

 

20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में ले गए

 

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा,' आज सुबह चार बजे करीब 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में आए और विधायक कुलदीप कुमार को उठा ले गए। वह मुआवजे की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों की आवाज उठा रहे थे। उन्होंने मांग की थी कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता परिवार से मुलाकात करें, लेकिन प्रदर्शनकारियों से मिलने के बजाय विधायक कुलदीप कुमार को अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।'

 

यह भी पढ़ें: विदेश मंत्रालय के नाम पर लखनऊ के होटल में दिखाई धौंस, 478 फर्जी ID से खुला खेल

 

विवाद क्यों हुआ?

 

दरअसल, यह पूरा विवाद एक सफाई कर्मचारी की हत्या से जुड़ा हुआ है। सफाई कर्मचारी की हत्या के बाद हजारों सफाई कर्मचारी दो दिन से धरने पर बैठे थे और सरकार से परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। इन्हीं के साथ कुलदीप कुमार भी थे। पुलिस सफाईकर्मी के अंतिम संस्कार का दबाव बना रही थी।

 

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि अब पुलिस शव को अस्पताल से जबरन घर ले आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस सफाई कर्मचारी का जबरन अंतिम संस्कार करा रही है।