उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में रात को दोस्तों के साथ चाय पीने निकले सात युवकों का सफर दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया। दो बाइकों पर सवार युवक उतरौला की तरफ जा रहे थे, तभी घने कोहरे के बीच रास्ते में हादसा हो गया। एक बाइक के फिसलने के बाद साथी युवकों के रुकते ही दुर्घटना इतनी भयावह हो गई कि पांच दोस्तों की जान चली गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फुट दूर जा गिरे और सड़क पर चीख-पुकार मच गई। पांच युवकों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया। जिस रात दोस्त साथ बैठकर चाय पीने निकले थे, वही रात पांच परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन गई।

हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर हुआ। सात युवक दो बाइकों पर सवार होकर चाय पीने के लिए उतरौला बाजार जा रहे थे। रास्ते में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई थी।

 

इसी दौरान एक बाइक के सामने राहगीर आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। पीछे दूसरी बाइक से आ रहे दोस्त भी रुक गए और सड़क पर गिरे युवकों को संभालने लगे। इसी दौरान दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

पांच युवकों की मौत, दो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

हादसे में गुफरान, सलीम, रहमत, तौफीक और मोहम्मद फारूक की मौत हो गई। वहीं मुजम्मिल और नाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया।

 

गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों की उम्र करीब 18 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है। एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

 

यह भी पढ़ें: शामली में सिलेंडर ब्लास्ट से उजड़ा परिवार, मां और दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत

टक्कर इतनी भीषण कि कई फुट दूर जा गिरे युवक

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और युवक करीब 5 से 10 फुट दूर जा गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर घायल युवक पड़े थे और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर उतरौला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस को घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइकें और टूटे हेलमेट मिले हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और पैदल राहगीरों की मौजूदगी को लेकर जांच कर रही है।

 कोहरे को माना जा रहा वजह

पांच युवकों की मौत की सूचना पर बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में घना कोहरा और कम दृश्यता हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस के मुताबिक सड़क पर पैदल जा रहे लोगों को बचाने के प्रयास में बाइकों के आपस में टकराई की आशंका है। हालांकि दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के इलाज की व्यवस्था कराई गई है।

 

यह भी पढ़ें: 6 लाख में पत्नी ने दी पति की सुपारी, कांस्टेबल प्रेमी संग पकड़ी गई

पांच दोस्तों की मौत से कई घरों में पसरा मातम

रात में चाय पीने के लिए निकले दोस्तों को अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। पांच युवकों की एक साथ मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांवों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक बार फिर कोहरे में सड़क पर चलने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।