उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर गांधीनगर के पास रेलवे ट्रैक पर चारों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।

घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नगर कोतवाली क्षेत्र की जेल चौकी के अंतर्गत गांधीनगर के पास हुई। पुलिस ने मृतकों की पहचान 39 वर्षीय किरण देवी पाल और उनकी तीन बेटियों के रूप में की है। मृत बच्चियों में पांच वर्षीय काव्या पाल और सात साल की जुड़वा बहनें अनुष्का पाल और कनिष्का पाल शामिल हैं। परिवार मूल रूप से बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र के बिकौलिया गांव का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधीनगर में होली बाबा मंदिर के पास रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

 

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति के सुरक्षाकर्मी को मारी गोली, बागपत में मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

चौथी बेटी पिता के साथ गई थी बाजार

इस घटना में परिवार की चौथी बेटी की जान बच गई, क्योंकि वह घटना के समय अपनी मां और बहनों के साथ नहीं थी। मृतका के पति रामतीर्थ पाल ने बताया कि वह अपनी 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया के साथ बाजार गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें शाम करीब छह बजे घटना की जानकारी मिली।रामतीर्थ पाल कानपुर में वन विभाग में अर्दली के पद पर कार्यरत हैं। बाजार से घर लौटने पर उन्हें परिवार के साथ हुई इस दर्दनाक घटना का पता चला। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

महिला का चल रहा था इलाज, बीमारी से थी परेशान

पुलिस की पूछताछ में पति रामतीर्थ पाल ने बताया कि किरण देवी की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। उनका बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था। इसके अलावा आंखों का इलाज भी चल रहा था। पति के मुताबिक, लगातार बीमारी, शारीरिक कमजोरी और इलाज के खर्च के कारण वह परेशान रहती थीं।चार बेटियां होने के कारण महिला के अवसाद में रहने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन परिस्थितियों के बावजूद महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: ED को मिली आजम खान की चार दिन की रिमांड, कल लखनऊ लाए जाएंगे

पुलिस और जीआरपी जांच में जुटी

सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला और उसकी तीन बेटियों की मौत हुई है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घटना की परिस्थितियों और वजहों की जांच की जा रही है। एक मां और तीन मासूम बेटियों की एक साथ मौत से गांधीनगर इलाके में शोक का माहौल है।