बिहार में विधान परिषद चुनाव की मतगणना से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मतगणना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने निष्पक्ष और पारदर्शी काउंटिंग सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। आरजेडी के विधायक भाई वीरेंद्र अपने नेताओं के साथ चुनाव आयोग पहुंचे, जहां उन्होंने मतगणना को लेकर ज्ञापन सौंपा और वोट चोरी की आशंका जताई।
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र अपने नेताओं के साथ मंगलवार को चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचे। उनके साथ आरजेडी के प्रधान महासचिव रणविजय साहू और पटना शिक्षक एमएलसी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार भी मौजूद रहे। भाई वीरेंद्र ने चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर मतगणना को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।
यह भी पढ़ें: MLC चुनाव से पहले सियासत गरमाई, RJD और प्रशांत किशोर पर JDU ने किया बड़ा हमला
चुनाव आयोग से क्या चाहते हैं भाई वीरेंद्र?
भाई वीरेंद्र ने कहा कि हमें आशंका है कि मतगणना के दौरान वोट चोरी हो सकती है। सत्ता पक्ष के लोग प्रशासन पर दबाव बना सकते हैं। चुनाव आयोग को यह तय करना चाहिए कि मतगणना पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी हो। किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आयोग से भरोसा दिलाने की अपील की कि मतगणना के दौरान किसी तरह की धांधली नहीं होगी और हर वोट की सही गिनती होगी।
आयोग तय करे पारदर्शी काउंटिंग, हर वोट की हो सही गिनती
पटना शिक्षक एमएलसी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने भी चुनाव आयोग के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव काफी महत्वपूर्ण होता है। इसमें पढ़े-लिखे मतदाता वोट करते हैं। इसलिए मतगणना में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने आयोग से मांग की कि मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
संजीव कुमार ने कहा कि हर राउंड की गिनती की जानकारी सभी उम्मीदवारों को दी जाए। उन्होंने कहा कि हमें लोकतंत्र पर भरोसा है, लेकिन पिछले कुछ चुनावों में जिस तरह से गड़बड़ी की खबरें आई हैं, उससे चिंता होना स्वाभाविक है। हम चाहते हैं कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम करे।
यह भी पढ़ें: जमुई नाबालिग की फोटो शेयर करने पर घिरे सम्राट चौधरी, RJD ने की कार्रवाई की मांग
जेडीयू पर क्या बोल रही है RJD?
जब पत्रकारों ने डॉ. संजीव कुमार से अनंत सिंह को जेडीयू से निष्कासित किए जाने के सवाल पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि । उन्होंने कहा कि जेडीयू में अब फैसले सोच-समझकर नहीं, बल्कि जल्दबाजी में लिए जा रहे हैं। अनंत जैसे नेता को निष्कासित करना जेडीयू की बौखलाहट को दिखाता है।
बाहुबली नेता अनंत को हाल ही में जेडीयू से निष्कासित कर दिया गया है। इसके बाद से बिहार की सियासत में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आरजेडी इसे जेडीयू की अंदरूनी कलह बता रही है।
आरजेडी की इस शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने आश्वासन दिया है कि मतगणना पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। आयोग के अधिकारियों ने कहा कि सभी उम्मीदवारों के एजेंटों को मतगणना स्थल पर मौजूद रहने की अनुमति होगी और हर राउंड की गिनती के बाद हस्ताक्षर लिए जाएंगे।
