बिहार के सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया। टड़वा चट्टी बाजार में लूट के दौरान बदमाशों ने स्वर्ण कारोबारी पर हमला कर दिया। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने पहले चाकू से हमला किया और फिर गोली मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सक्रियता से दो बदमाश पकड़े गए जबकि बाकी अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद बाजार के कारोबारियों में दहशत का माहौल है। 

 

बताया जा रहा है कि करीब छह बदमाश दो बाइक से टड़वा चट्टी बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में पहुंचे थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने हथियार के बल पर दुकान में रखे गहने लूटने शुरू कर दिए। इसी दौरान स्वर्ण कारोबारी ने लूट का विरोध किया और बदमाशों से भिड़ने की कोशिश की जिसके बाद अपराधियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। 

 

यह भी पढ़ें: पटना में NIA की छापेमारी, अपार्टमेंट से 20 लाख रुपये नकद बरामद, हिरासत में युवक

 

बदमाशों ने कारोबारी पर गोली और चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद अपराधी दुकान से गहने और अन्य सामान लेकर भागने लगे। बताया जा रहा है कि बदमाश कुछ सोने-चांदी के जेवरात भी लूट ले गए हैं। हालांकि लूट की सही रकम का अभी आकलन किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ा

लूट की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग सक्रिय हो गए और भाग रहे बदमाशों का पीछा करने लगे। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं बाकी बदमाश भागने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि फरार अपराधियों ने भागने के दौरान हवाई फायरिंग भी की ताकि लोग उनका पीछा न करें। 

 

घायल स्वर्ण कारोबारी को स्थानीय लोगों की मदद से दरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, कारोबारी को एक गोली लगी है और चाकू के कई घाव हैं।

 

यह भी पढ़ें: कमाई से 1.71 करोड़ ज्यादा संपत्ति, बिहार के BDO के 5 ठिकानों पर EOU की रेड

पुलिस कर रही बदमाशों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही दरौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों बदमाशों को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को गोली का एक खोखा भी मिला है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। 

 

पकड़े गए दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कुल कितने अपराधी शामिल थे और लूटे गए आभूषण व अन्य सामान की कीमत कितनी है। फिलहाल पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।