दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की वोल्वो बस पर करनाल में पथराव का मामला ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में अब बस ड्राइवर वकार चौधरी ने आरोप लगाया है कि उन्हें करनाल में हमले के दौरान 'आतंकवादी' बोला गया। आरोप है कि उन्हें गालियां दी गई और बस से बाहर खींचने की कोशिश की गई।  घटना 17 अक्टूबर की रात नीलोखेड़ी में डिवाइन स्टार रेस्टोरेंट के बाहर हुई थी। पथराव में बस के शीशे टूटे थे और एक यात्री को चोट भी आई थी। बस के कार से टच होने पर ये विवाद हुआ था।


एक सोशल मीडिया यूजर ने वीडियो बनाकर पोस्ट की थी। जिस पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए हरियाणा सरकार से कार्रवाई की मांग की थी। सिटी डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। घटना के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। बाद में रेस्टोरेंट मालिक की शिकायत पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। साथ ही एक कार को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय कार मोहित चला रहा था, जबकि उसका साथी सवान उसमें बैठा था। बस चालक से कहासुनी के बाद मोहित ने बस के शीशे तोड़ दिए थे।

 

यह भी पढ़ें: करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, उमर अब्दुल्ला ने मांगा इंसाफ

बस के अंदर घुसकर मारपीट का आरोप

रामबन पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में बस चालक वकार चौधरी ने बताया कि बस में 35 यात्री सवार थे। रात के भोजन के लिए बस को नीलोखेड़ी में डिवाइन स्टार रेस्टोरेंट के बाहर रोका था। वकार चौधरी का आरोप है कि जब वह बस लेकर पार्किंग में पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों में से एक ने उसे चिल्लाते हुए बस को वहां से हटाने के लिए कहा और उसे 'आतंकवादी' कहने लगा। इसके बाद बस की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर चाबी से बस की खिड़की के शीशे को क्षतिग्रस्त किया।

वकार का ये भी आरोप है कि इसके बाद युवक बस के अंदर घुस गया और उसके साथ मारपीट करने लगा और गाली-गलौज कर उसे बस से बाहर खींचने की कोशिश की। होटल के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया। इस बीच, उस युवक ने अपने तीन-चार साथियों को वहां बुलाया, जो कि बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे। हमले में दो यात्री भी चोटिल हुए। वकार के अनुसार, उसे युवक ने कहा कि वे जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को इस मार्ग पर चलने नहीं देंगे।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा: बिना नंबर प्लेट पेट्रोल पंप पर नो एंट्री, अंडरएज ड्राइविंग पर भी शिकंजा

क्या था मामला

दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की बस पर शनिवार रात नीलोखेड़ी में डिवाइन स्टार रेस्टोरेंट के बाहर पथराव में बस के कई शीशे टूट गए थे। हमले में यात्री को चोट भी आई थी। हमले की वजह बस और कार में हल्की टक्कर होना बताया गया था। हमले के बाद एक सोशल मीडिया इमरान नबी डार नाम के यूजर ने वीडियो बनाकर पोस्ट की थी। जिस पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए हरियाणा सरकार से कार्रवाई की मांग की थी। घटना शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे के पास हुई। हालांकि, उस दौरान कहा जा रहा था कि दोनों पक्षों ने शराब पी हुई थी। इसी वजह से नशे में विवाद बढ़ गया। उस दौरान दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। बाद में रेस्टोरेंट मालिक की शिकायत पर पुलिस ने कार सवार मोहित और सावन को हिरासत में ले लिया था।