बिहार के बांका जिले में दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी सचिन सिंह और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिसिया कहानी के मुताबिक हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चला दी। एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी। घायल आरोपी को भागलपुर रेफर कर दिया गया है। बता दें कि शुक्रवार देर रात सचिन को रांची से गिरफ्तार किया था। शनिवार सुबह हथियार बरामद करने के लिए उसे बांका लाया गया था। इसी दौरान मुठभेड़ हुई।
5 जुलाई को हुआ था दोहरा हत्याकांड
पांच जुलाई को दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव के पास अपराधियों ने धर्मराय गांव निवासी सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। इनमें से एक आरोपी को घटना के कुछ दिन बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन मुख्य आरोपी सचिन सिंह फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे रांची से गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: वियतनाम में बड़ा हादसा, भारतीय पर्यटकों की नाव पलटी; 15 की मौत
कैसे हुआ एनकाउंटर, पुलिस ने बताई पूरी कहानी
डबल मर्डर के बाद से एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही थी। टीम बिहार के साथ-साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी दबिश दे रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि सचिन सिंह रांची में छिपा है। शुक्रवार देर रात एसआईटी की टीम ने रांची में छापेमारी कर सचिन सिंह को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे बांका ले आई। शनिवार सुबह पुलिस सचिन को हथियार बरामद कराने के लिए अमरपुर थाना क्षेत्र में ले गई।
पुलिस के अनुसार जिस जगह उसने हथियार छिपाया था, वहां पहुंचते ही उसने पुलिस टीम पर हमला कर भागने की कोशिश की। एसपी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस से हथियार छीनने की भी कोशिश की और जंगल की तरफ भागने लगा। अपनी जान बचाने और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस फायरिंग में सचिन के दाहिने पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: सुपौल में 7 साल की बच्ची की हत्या, खेत में शव मिलने से गांव में भारी आक्रोश
भागलपुर में चल रहा इलाज
गोली लगने के बाद आनन-फानन आरोपी को पहले अमरपुर पीएचस और बाद में भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा और कुछ कारतूस बरामद किए हैं।
क्या बोले बांका के एसपी?
बांका एसपी ने बताया कि सचिन सिंह शातिर अपराधी है। उस पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल ली है। उन्होंने कहा, 'आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया गया था। भागने की कोशिश करने पर आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी। अब इलाज के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। इस हत्याकांड में और कौन-कौन शामिल है, इसका भी खुलासा होगा।'
