मध्य प्रदेश के भोपाल में रहने वाली मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की घर में मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज मांगने और हत्या करने का केस दर्ज किया है। मृतका की सास एक रिटायर्ड जज हैं। इस घटना के बाद से लड़की के मायके वाले और लड़के वाले एक-दूसरे पर कई तरह के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। अब समर्थ सिंह मां गिरिबाला सिंह ने कहा है कि लड़कियां झूल जाती हैं और लड़के झूल नहीं पाते, उन्हें अपराधी की तरह देखा जाता है।
ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात भोपाल के रहने वाले वकील समर्थ सिंह से हुई थी। इसके बाद दोनों की बातचीत बढ़ी और दिसंबर 2025 में उन्होंने शादी कर ली। शादी के कुछ ही महीनों बाद 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में बने घर में ट्विशा शर्मा की मौत हो गई। उनका शव घर पर मिला जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी में वैन-ट्रक की आमने-सामने टक्कर, हादसे में 10 लोगों की मौत
मायके वालों के गंभीर आरोप
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और उनके भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही समर्थ और उनकी मां गिरिबाला सिंह उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। उनका कहना है कि ट्विशा को ससुराल में बोझ कहा जाता था और उसके नाम पर मौजूद 20 लाख रुपये के फिक्स डिपॉजिट को अपने नाम पर कराने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए मायके वालों ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के घर के बाहर प्रदर्शन भी किया। उन्होंने भोपाल पुलिस की जांच पर शक जताते हुए दिल्ली के एम्स अस्पताल में ट्विशा का फिर से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
पैसों के लेनदेन की रसीदें
अपने और अपने बेटे के ऊपर लगे दहेज के आरोपों को पूरी तरह झूठा बताते हुए पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने बैंक से हुए पैसों के लेनदेन के कागज सबके सामने रखे हैं। उनका दावा है कि वह खुद ट्विशा के अपने खर्चों और उसकी जरूरतों के लिए लगातार 5,000 हजार रुपये से लेकर 50,000 हजार रुपये तक हमेशा उसके खाते में भेजा करती थीं। उन्होंने कहा कि जब वह खुद उसे इतने पैसे दे रही थीं तो उनके द्वारा दहेज मांगने या ट्विशा के फिक्स डिपॉजिट पर नजर रखने की बात पूरी तरह से गलत है।
पूर्व जज ने मामले में एक नई बात सामने रखते हुए दावा किया कि ट्विशा शर्मा को गांजे और नशीली चीजों की गंभीर लत थी। उन्होंने यह भी बताया कि ट्विशा ने कुछ समय पहले अपना गर्भपात करवाया था और बाद में वह इसे वापस ठीक कराना चाहती थीं जिसकी वजह से वह काफी मानसिक तनाव में चल रही थीं। इसके साथ ही उन्होंने ट्विशा के पिता पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी को बचपन से ही जबरन ग्लैमर की दुनिया में धकेल दिया था। वजन घटाने वाली दवाइयों के लगातार इस्तेमाल की वजह से ट्विशा की सेहत और दिमाग पर बहुत बुरा असर पड़ा था।
यह भी पढ़ें: 'दुनिया में संकट, फिर भी भारत मजबूत', BJP ऐसा क्यों कह रही है?
पुलिस ने बनाई SIT
मामले की गंभीरता और बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस विभाग ने असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस रजनीश कश्यप की देखरेख में एक स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी का गठन किया है। यह टीम दहेज के लिए परेशान करने मारपीट और सबूतों को मिटाने के आरोपों की गहराई से जांच कर रही है। इस बीच स्थानीय कोर्ट ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को जमानत दे दी है लेकिन उनके वकील बेटे समर्थ सिंह की जमानत अर्जी को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। समर्थ सिंह फिलहाल पुलिस की पकड़ से दूर हैं और फरार चल रहे हैं जिसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर इनाम भी रखा है।
