तेलंगाना के गडवाल जिले से एक हैरान करने मामला सामने आया है। गुरुवार को एक शख्स का घर कुछ लोगों ने ट्रैक्टर से तोड़ डाला। ये लोग कोई और नहीं उसी लड़की के घरवाले थे जिसने इस युवक ने एक दिन पहले ही लव मैरिज की थी। लड़की पिछड़ा वर्ग (OBC) की है और लड़का अनुसूचित जाति का है। इसी को लेकर लड़की के घरवाले नाराज थे और गांव में स्थित लड़के के घर को ध्वस्त कर दिया। गनीमत यह थी उस घर में कोई रह नहीं रहा था जिसके चलते किसी को कोई चोट नहीं आई है। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम गडवाल ग्रामीण मंडल के रेपल्ली गांव में यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, जिस घर को तोड़ा गया वह दो कमरों वाला है और उस घर में पिछले कई महीनों से कोई नहीं रह रहा था। लड़की के घरवालों ने एक कमरा पूरी तरह से ढहा दिया है। पुलिस के अनुसार, ड्राइवर का काम करने वाला व्यक्ति और कॉलेज के आखिरी साल में पढ़ने वाली लड़की, दोनों रेपल्ली गांव के ही रहने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: कारोबारी की हत्या के बाद मंत्री संजय निषाद ने दिया धरना, पूरा मामला क्या है?
ट्रैक्टर और मशीनों से तोड़ दिया घर
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे दोनों हैदराबाद में रह रहे थे, उनके बीच प्यार हो गया और 9 सितंबर को उन्होंने शादी कर ली। अधिकारी ने बताया, ‘वह व्यक्ति अपने परिवार के साथ हैदराबाद में रह रहा था और उनके पैतृक गांव वाले घर में कोई नहीं रह रहा था। वह घर पिछले कई महीनों से खाली पड़ा था।’ शुरुआती जांच के आधार पर अधिकारी ने कहा कि ऐसा लगता है कि महिला का परिवार और रिश्तेदार उनकी शादी के खिलाफ थे।
यह भी पढ़ें: घूमना, खाना या मूवी.. वीकेंड पर अपने दो-तिहाई पैसे कहां खर्च कर रहा शहरी भारत?
जब लड़की के घरवाले ट्रैक्टर लेकर घर तोड़ रहे थे तभी पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। आरोपियों ने पुलिस को आता देखा तो घटनास्थल से फरार हो गए। अब पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है और शादी रने वाले युवक के परिजन को सुरक्षा भी दी है। अब पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किया है तथा घर को तोड़ने में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
