उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते हुए इस हमले में एक युवक की मौत हो गई। यह घटना इकोटेक-1 पुलिस स्टेशन के दायरे में आती है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसे जांच में अहम सबूत माना जा रहा है। मृतक के परिवार का कहना है कि यह पुरानी रंजिश का मामला नहीं है। उन्होंने इस मामले में न्याय की मांग की है।

 

मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है। जो लुक्सर गांव का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी दुश्मनी के चलते सचिन नामक व्यक्ति और उसके साथियों ने कथित तौर पर नितिन पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग में नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें: चौकीदार और दफादार पर विधानसभा में हुआ हंगामा, विपक्ष पर भड़के नीतीश कुमार

 

मर्डर का CCTV फुटेज वायरल

जांच के दौरान घटना का CCTV फुटेज मिला, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हमले से पहले आरोपियों की हरकतें और शूटिंग से ठीक पहले का सीन दिख रहा है। पुलिस इस फुटेज का टेक्निकल एनालिसिस कर रही है ताकि घटनाओं की सही टाइमलाइन बनाई जा सके और चश्मदीदों के बयानों से इसकी तुलना की जा सके। अधिकारियों का मानना ​​है कि फुटेज से आरोपियों की पहचान और भूमिका साफ करने में मदद मिलेगी।

परिजन ने की इंसाफ की मांग

नितिन के परिवार एक शख्स ने मीडिया से कहा, 'घटना की हमें ज्यादा जानकारी तो है नहीं। सुबह नितिन नहाकर घर से बाहर निकला था। घर से बाहर निकलने के बाद उसे पता नहीं था कि बाहर क्या था। उसी दौरान चार से पांच लोगों ने उसके ऊपर फायरिंग की और फिर जब नितिन बचकर वहां से भागा तो एक लड़के ने उसके गर्दन में चाकू से वार कर दिया। पुरानी रंजिश का अभी ऐसा कुछ पता नहीं चल पाया है। बाकी पुलिस वाले लगे हुए हैं।' 

 

यह भी पढ़ें: JCB, ट्रैक्टर, मशीनें और बिलखते लोग, राजकोट में 1500 घरों के टूटने की पूरी कहानी

 

नितिन नागर के परिवार ने आगे कहा, 'हम तो यह चाहते हैं न्याय हो। योगी और मोदी जी के राज में यह एक नारा है कि योगी जी बुलडोजर चलाते हैं घर पर। उनका घर गिरे और उनके पैरों में एनकाउंटर, गोली लगे।'

पुलिस ने क्या कहा?

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि 24 फरवरी 2026 को पुरानी रंजिश के कारण सचिन और उसके साथियों ने नितिन पर फायरिंग की थी। उन्होंने कहा, 'घायल अवस्था में नितिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर तैनात है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।'

 

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।