हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने बुधवार को राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। सरकार ने तत्काल प्रभाव से 21 सीनियर आईएएस और 42 एचसीएस अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं।
जिन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला किया गया है, उनमें हरियाणा सरकार के गृह-प्रथम और गृह-द्वितीय विभाग की सचिव और हरियाणा अनुसूचित जाति, वित्त और विकास निगम की प्रबंध निदेशक गीता भारती को हिसार मंडल का आयुक्त बनाया गया है। वह रवि प्रकाश गुप्ता की जगह लेंगी।
अमित अग्रवाल को मिली और जिम्मेदारी
बुधवार शाम को जारी आदेश के अनुसार, हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल अपने वर्तमान कर्तव्यों के अतिरिक्त कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, कुरुक्षेत्र के सदस्य सचिव का कार्यभार भी संभालेंगे।
यह भी पढ़ें: आंध्र में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, जिंदा जल गए 14 लोग
गुरुग्राम मंडल के आयुक्त बने रवि प्रकाश
हरियाणा सरकार के शहरी संपदा विभाग के सचिव और हिसार मंडल के आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता अब गुरुग्राम मंडल के आयुक्त होंगे। गुप्ता हरियाणा सरकार के शहरी संपदा विभाग में सचिव के पद पर बने रहेंगे।
वंदना दिसोदिया को गृह विभाग की जिम्मेदारी
हरियाणा में कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण की निदेशक वंदना दिसोदिया का तबादला कर उन्हें गृह-प्रथम और गृह-द्वितीय विभाग में अतिरिक्त सचिव और हरियाणा अनुसूचित जाति, वित्त और विकास निगम की प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'JDU में भी परिवारवाद', प्रशांत किशोर ने CM नीतीश पर कसा तंज
कमल प्रीत कौर का भी तबादला
हरियाणा सिविल सेवा के जिन अधिकारियों का तबादला हुआ है, उनमें प्राथमिक शिक्षा की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) कमल प्रीत कौर भी शामिल हैं, जिनका तबादला कर उन्हें हरियाणा में कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) के पद पर तैनात किया गया है। नूह नगर मजिस्ट्रेट हिमांशु चौहान अब हांसी नगर मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यरत होंगे।
