हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री बड़े स्टार सिंगर और एक्टर दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग की गई है। बताया जा रहा है कि इस घटना में दिलेर खरकिया सुरक्षित बच गए, जबकि उनकी गाड़ी के शीशे को नुकसान पहुंचा है। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें कुछ लोगों ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया और सिंगर को धमकी दी कि अगर उन्होंने कथित तौर पर फोन कॉल का जवाब नहीं दिया तो अगली बार गोली सीधे छाती में मारी जाएगी पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच में जुट गई है।

 

यह घटना हरियाणा के भ‍िवानी में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हुई। दिलेर खरकिया की रेंज रोवर कार भिवानी-दिल्ली हाईवे पर खरक गांव के बाहरी इलाके में स्थित उनके फार्महाउस में खड़ी थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और गाड़ी पर गोली चलाई। जिस समय यह वारदात हुई उस समय दिलेर खरकिया फार्महाउस पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 

यह भी पढ़ें: एयरफोर्स को मिला पहला HTT-40 ट्रेनर एयरक्राफ्ट, दो तेजस की भी हुई डिलीवरी

गाड़ी को पहुंचा नुकसान

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया है कि़ फायरिंग के दौरान दिलेर खरकिया कार में मौजूद नहीं थे। हालांकि, इस हमले में उनकी रेंज रोवर के शीशे को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने अभी इस घटना के बारे में अन्य जानकारी शेयर नहीं की है और ना ही दिलेर की ओर से कोई पोस्ट की गई है। 

सोशल मीडिया पर पोस्ट

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई। इसमें हिमांशु सोनीपत, हरि बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित के नाम लिखे गए हैं और हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में दावा किया गया कि दिलेर खरकिया को पहले फोन करके कथित तौर पर चेतावनी दी गई थी। पोस्ट में यह भी धमकी दी गई कि अगर उन्होंने कॉल का जवाब नहीं दिया तो अगली बार गोली उनके सीने में मारी जाएगी।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'हिमांशु सोनीपत, हरि बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित ने ये हमला करवाया है। दिलेर खरकिया हमारे फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा। इस बार गोलियां गाड़ी पर चली हैं, यदि कॉल का जवाब नहीं दिया गया तो अगली बार छाती में गोली मारेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: नंदीग्राम: कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान गिरफ्तार, ममता ने दिया था समर्थन

जांच में जुटी पुलिस

इस हमले के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पोस्ट को काफी अहम माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि पोस्ट किस अकाउंट से अपलोड की गई, इसे किसने लिखा और घटना से इसका फायरिंग की घटना से कोई संबंध है भी या नहीं। जांच अधिकारी ने कहा है कि मौके पर पहुंच कर पुलिस टीम ने जरूरी सबूत जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।