हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मंत्रिमंडल का विस्तार लगभग तय माना जा रहा है। CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि मंत्रिमंडल की खाली सीट को जल्द भरा जाएगा और कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाया जाएगा।

 

सीएम ने इससे पहले विधानसभा में भी संकेत दिए थे कि सुंदर सिंह ठाकुर जल्द मंत्री बनेंगे। इसके बाद से ही उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं।  

 

सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री बनने से कुल्लू जिले को सरकार में प्रतिनिधित्व मिलेगा। माना जा रहा है कि इससे सरकार और कांग्रेस संगठन के बीच क्षेत्रीय संतुलन भी बेहतर होगा। मंत्रिमंडल विस्तार की आधिकारिक घोषणा राजभवन से कार्यक्रम तय होने के बाद की जाएगी। इसके बाद राज्यपाल नए मंत्री को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।   

 

यह भी पढ़ें: अपनी सरकार से भिड़ने के लिए क्यों तैयार हैं अनिल विज, क्या है फ्री-होल्ड पॉलिसी?

मुख्यमंत्री ने दिया संकेत 

एक आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह जल्द ही मंत्री बनने वाले हैं। इसके बाद उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सीएम के इस बयान के बाद से ही प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है। हालांकि मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख या मंत्री पद की शपथ को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन मंत्रिमंडल का लंबे समय से प्रतीक्षित विस्तार अब लगभग तय माना जा रहा है।

 

सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की चर्चा नई नहीं है। फरवरी 2026 में विधानसभा सत्र के दौरान भी सीएम ने सदन में कहा था कि कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर जल्द मंत्री बनेंगे।  

मंत्रिमंडल में एक मंत्री पद लंबे समय से खाली 

सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस हाईकमान से अंतिम सहमति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री पहले भी कह चुके हैं कि मंत्रिमंडल में रिक्त एकमात्र पद को भरा जाएगा और इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा। दरअसल, प्रदेश मंत्रिमंडल में एक मंत्री पद लंबे समय से खाली है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा चल रही है। कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'बुरा लगेगा लेकिन कमियां तो बताऊंगी', UP की राज्यपाल ने गोरखपुर में किसे सुनाया?

सुंदर सिंह ठाकुर कौन हैं?

सुंदर सिंह ठाकुर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं, वह राज्य की राजनीति में सक्रिय नेताओं में शामिल हैं। सुंदर सिंह सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबी नेताओं में से एक हैं। काफी लंबे समय से उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा चल रही है। अब सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर सबसे बड़ा संकेत खुद मुख्यमंत्री की ओर से मिल गया है।