कुरुक्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल, नकदी छीनने वाले आरोपी पुलिस हिरासत से भाग गए। इस दौरान उन्होंने पुलिया से छलांग लगा दी। जिससे उनकी टांग में चोट आ गई। पुलिस ने फिर उन्हें दोबारा हिरासत में लिया और अस्पताल में दाखिल करवाया। कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर के मेला ग्राउंड के आसपास और ट्रेन में सोते यात्रियों के मोबाइल और पैसे छीनने के आरोप में सीआईए -2 टीम ने थानेसर निवासी विकास उर्फ विक्की, कैथल के फरल निवासी सन्नी, कलायत निवासी कमल उर्फ बच्ची, चीका निवासी गोल्डी उर्फ गंजा और यूपी के बिजनौर निवासी दानिश को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशे की पूर्ति के लिए वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस को ब्रह्मसरोवर के मेला ग्राउंड के आसपास छीनाझपटी की वारदातों की सूचना मिली थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए-2 प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह के अनुसार ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड से सटे सफेदों के जंगल में सामान की बरामदगी के लिए आरोपियों को पुलिस लेकर गई थी।
पुलिस हिरासत से फरार हो गया आरोपी
दानिश और विकास उर्फ विक्की ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। दोनों पुलिया से कूद गए, जिससे उनकी टांगों में चोट लग गई। पुलिस ने उन्हें तुरंत पकड़कर एलएनजेपी जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: निजीकरण के विरोध में 22 अक्टूबर से भूख हड़ताल करेंगे बिजली कर्मचारी
नशे की पूर्ति के लिए करते थे वारदात
राहगीरों को आरोपी निशाना बनाते थे। आरोपियों ने कुरुक्षेत्र, करानाल व अंबाला की तरफ जाने वाली ट्रेनों में सोते समय यात्रियों के मोबाइल व नकदी भी चोरी की है। पुलिस ने आरोपियों से 38 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया जाने वाला चाकू बरामद किया है। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वे शाम के समय अधिकतर वारदातों को अंजाम देते थे। इस दौरान वह अंबाला, करनाल जाने वाली ट्रेनों में भी सवार होकर सामान चोरी करते थे। ट्रेन में चार्जिंग पर लगे यात्रियों के मोबाइल फोन उनका सॉफ्ट टारगेट होता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए वारदातों को अंजाम देते थे।
