उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में बुधवार को एक गेस्ट हाउस के कमरे में प्रेमीयुगल के शव फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों हरदोई के रहने वाले थे और पिछले करीब 17 दिनों से देवा रोड स्थित धावा गांव के रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे। सूचना मिलते ही चिनहट पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को सुसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट मिला है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

चिनहट पुलिस के मुताबिक मृतक युवक की पहचान हरदोई के हरपालपुर निवासी अमित कुमार (22) के रूप में हुई है, जबकि युवती नरगिस (19) हरदोई के पालिया पंचशाला की रहने वाली थी। दोनों 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में रह रहे थे। बुधवार को गेस्ट हाउस संचालक को कमरे में दोनों के फंदे से लटके होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

 

यह भी पढ़ें: CBI की वर्दी का रौब दिखाकर डाली डकैती, 50 हजार के इनामी को STF ने किया गिरफ्तार

कमरे से मिला सुसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की। इस दौरान वहां से सुसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट बरामद हुआ। पुलिस दोनों दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसके अलावा मृतकों के मोबाइल फोन और कमरे से मिले अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। शादी को लेकर परिवार की रजामंदी नहीं होने और कथित तौर पर लगातार बन रहे दबाव के कारण दोनों तनाव में थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

परिवारों को दी गई सूचना

पुलिस ने दोनों मृतकों के परिवारों से संपर्क कर घटना की जानकारी दे दी है। डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है। उनके लखनऊ पहुंचने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस सुसाइड नोट, मैरिज सर्टिफिकेट, मोबाइल फोन और दूसरे साक्ष्यों की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों गेस्ट हाउस में किन परिस्थितियों में रह रहे थे और घटना से पहले उनकी किसी से बातचीत या संपर्क हुआ था या नहीं।

 

यह भी पढ़ें: फर्जी रेप केस में फंसाकर करते थे वसूली, गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिफ्तार

 पहले भी इसी गेस्ट हाउस में हुई थी वारदात

चिनहट पुलिस के मुताबिक धावा गांव स्थित इसी रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस में करीब एक साल पहले भी एक युवक की हत्या का मामला सामने आया था। उस घटना को कथित तौर पर आत्महत्या का रूप देने की बात सामने आई थी। इसके बाद यह गेस्ट हाउस चर्चा में आया था। स्थानीय स्तर पर गेस्ट हाउस मालिक के किसान यूनियन से जुड़े होने की बात भी कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौजूदा मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस प्रेमीयुगल की मौत की परिस्थितियों को लेकर साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि दोनों ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।