हरियाणा के नूह जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पांच युवकों ने एक 16 साल की बच्ची का रेप किया है। पुलिस के अनुसार, इस नूह जिले के पांच युवकों ने 16 साल की लड़की का कथित तौर पर पहले अपहरण किया और उसके बाद उसका बलात्कार किया। मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में जानकारी दी और बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कोशिश की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद लड़की के पिता ने बताया कि यह घटना 6 जून की है। लड़की के पिता के अनुसार, छह जून को सुबह पांच बजे जब वह उठे तो उन्होंने पाया कि उनकी बेटी घर पर नहीं है। उन्होंने बताया कि बाद में कुछ पुरुषों ने उसे मोटरसाइकिल से घर छोड़ा। इसके बाद परिवार को इस घटना के बारे में पता चला।
यह भी पढ़ें: पेपर लीक का मामला दिल्ली से राज्यों तक पहुंचा, BJP के लिए कितना बड़ा खतरा?
प्राइवेट वीडियो बनाकर धमकाया
जब लड़की घर पर आई तो परिवार ने पूछा कि क्या हुआ और वह कहां गई थी। परेशान लड़की ने परिवार के सामने सारी सच्चाई बता दी। लड़की ने बताया कि शौकीन नाम के एक व्यक्ति के पास उसकी प्राइवेट फोटो और वीडियो थे। वह उसे लगातार ऑनलाइन अपलोड करने की धमकी देता था और उसने उसका बलात्कार भी किया। परिवार ने बताया कि शौकीन की उनके घर के पास दुकान थी।
पांच लोगों पर केस दर्ज
इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और इंसाफ की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर महिला पुलिस थाने में बाल यौन उत्पीड़न संरक्षण अधिनियम के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि शौकीन के अलावा चार अन्य लोगों पर भी लड़की के साथ बलात्कार करने का आरोप है।
यह भी पढ़ें: UP, बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पंजाब, हरियाणा में लू करेगी परेशान
जंगल में ले जाकर किया बलात्कार
शिकायत में लड़की ने बताया कि युवक उसे जंगल में ले गए और वहां ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। यह घटना पांच जून की है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक नाबालिग है। पुलिस यह दावा कर रही है कि सभी आरोपियों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
