बिहार के पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। बनाही स्टेशन और सिकरिया हॉल्ट के बीच श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन का पेंटोग्राफ अचानक टूट गया। इसके कारण ट्रेन बीच रास्ते में ही रुक गई और करीब 40 मिनट तक अप लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित रहा। बाद में रेलवे के टेक्नीशियन की टीम मौके पर पहुंची और पेंटोग्राफ की मरम्मत कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

 

मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12391 श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस मंगलवार को बिहिया स्टेशन से दोपहर 12:32 बजे निर्धारित समय से देरी से खुली थी। ट्रेन का अगला निर्धारित ठहराव डुमरांव स्टेशन था। इसी दौरान बनाही स्टेशन और सिकरिया हॉल्ट के बीच पोल संख्या 627/3 के पास अप लाइन पर अचानक ट्रेन रुक गई।

 

यह भी पढ़ें: घर की खिड़की से कूदकर साइंटिस्ट ने दी जान, परिवार ने वर्क प्रेशर को बताया वजह

पेंटोग्राफ टूटा

लोको पायलट ने तुरंत इंजन की जांच की तो पता चला कि इंजन के ऊपर लगा पेंटोग्राफ टूट गया है। पेंटोग्राफ के माध्यम से ही इंजन को ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार (OHE) से बिजली मिलती है। इसके टूटने से इंजन की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और ट्रेन वहीं रुक गई। लोको पायलट ने इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और नजदीकी स्टेशन को दी।

कई ट्रेनें हुईं लेट

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। कंट्रोल रूम ने अप लाइन पर पीछे से आ रही ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया, ताकि कोई हादसा न हो। करीब 40 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों में अफरातफरी मच गई। भीषण गर्मी में यात्री परेशान होते रहे। कई यात्री ट्रेन से उतरकर ट्रैक पर टहलने लगे।

 

यह भी पढ़ें: भारत नहीं छोड़ेंगे इमरान खान, बॉम्बे हाई कोर्ट से 2 नवंबर तक मिली राहत

40 मिनट तक अटकी ट्रेन

बाद में दानापुर मंडल से टेक्नीशियन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने टूटे हुए पेंटोग्राफ की मरम्मत की और दूसरा पेंटोग्राफ चालू किया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। ट्रेन के रवाना होने के बाद अप लाइन पर परिचालन सामान्य हो सका। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पेंटोग्राफ टूटने की घटना कभी-कभी हो जाती है। यह तकनीकी खराबी है। समय रहते मरम्मत कर ली गई। इस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सभी यात्री सुरक्षित हैं। ट्रेन को डुमरांव और बक्सर होते हुए आगे रवाना कर दिया गया है।
ृ