बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की आक्रामक कार्रवाई लगातार जारी है। कैश वैन लूटकांड के मुख्य आरोपी और कुख्यात शूटर आकाश ओझा उर्फ सन्नी को मंगलवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। संपतचक के उदयनी गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 13 मई को गोपालपुर थाना क्षेत्र में सीएमएस कैश वैन से 27 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट हुई थी। जांच में आकाश ओझा का नाम मुख्य साजिशकर्ता और शूटर के रूप में सामने आया था। मंगलवार सुबह एसटीएफ और पटना पुलिस की टीम को उसके उदयनी गांव में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखते ही आकाश ओझा ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ के दौरान गोली उसके पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

हथियार, कारतूस और लूट में इस्तेमाल बाइक बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान से कई अन्य मामलों के सुराग भी मिल सकते हैं। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

 

यह भी पढ़ें: देशभर में मेडिकल शॉप बंद, दवाइयों के लिए परेशान लोग, कब मिलेंगी दवाएं?

 

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि इस मामले में पहले ही तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक पांच लाख रुपये नकद बरामद किये गये हैं। जांच में खुलासा हुआ कि लूट की रकम से आरोपियों ने पांच महंगे आईफोन खरीदे थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

लंबा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आकाश ओझा उर्फ सन्नी कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। उस पर पुलिस जवान को गोली मारने, ज्वेलरी शोरूम में डकैती और हथियारबंद लूट जैसी घटनाओं के आरोप दर्ज हैं। पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी।

 

यह भी पढ़ें: जमानत पर बाहर आया रेप का आरोपी, स्वागत हुआ, फिर हो गई FIR

 

बिहार पुलिस ने पिछले 27 दिनों में आठ बड़े एनकाउंटर किए हैं। इनमें दो अपराधी मारे गए जबकि कई बदमाश घायल होकर गिरफ्तार किए गए हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है। राजधानी समेत पूरे बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बढ़ती सख्ती से गैंगस्टरों में खौफ का माहौल है।