बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सासाराम से आए पीड़ित परिवार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में राक्षस और गुंडाराज चल रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। तेजस्वी पटना स्थित अपने आवास पर सासाराम के पीड़ित परिवार को साथ बैठाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि बिहार में जो हालात हैं उससे आम लोग डरे हुए हैं। थाने में न्याय नहीं मिल रहा है। पुलिस सरकार के इशारे पर काम कर रही है।
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वे ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर चंदा वसूल रहे हैंl वह पैसा दिल्ली पहुंचा रहे हैं, ताकि वे बिहार में मुख्यमंत्री बने रहने का रास्ता बना सकें। यदि ऊपर पैसा नहीं पहुंचेगा तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में अब थानेदार का तबादला भी CM हाउस से हो रहा है। ईमानदार पुलिस वालों को दरकिनार किया जा रहा है, जबकि सेटिंग और घूसखोर पुलिस वालों को प्रमोट किया जा रहा है और CM हाउस से पैसा लेकर पूरा खेल चल रहा है। हर थाने की बोली लग रही है। जो ज्यादा पैसा दे रहा है उसे मनचाहा थाना मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: मेडिकल कॉलेज में भिड़े डॉक्टर-नर्सिंग स्टाफ, लात-घूंसे डस्टबीन जो मिला उससे पीटा
तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के संसद में दिए गए जवाब का हवाला देते हुए कहा कि उस जवाब के अनुसार बिहार अपराध में नंबर वन है। केंद्र सरकार के आंकड़े ही बता रहे हैं कि बिहार में अपराध सबसे ज्यादा है। फिर भी मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि सब ठीक है। सम्राट चौधरी कहते थे कि रात में लड़कियां फ्री होकर घूम रही हैं, पहले नहीं घूमती थीं लेकिन जमुई की घटना ने सबकी पोल खोल दी है।
तेजस्वी ने उत्पाद विभाग पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप
सासाराम में कैदी की मौत के मामले पर तेजस्वी यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार के अनुसार मृतक को उत्पाद विभाग द्वारा शराब पीने के आरोप में उठाया गया था। छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई। परिवार ने पैसे नहीं दिए तो उसके साथ मारपीट की गई और बाद में ऐसा इंजेक्शन दिया गया जिससे उसकी मौत हो गई।
तेजस्वी ने आगे कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है। गरीब परिवार के बेटे को शराब के नाम पर उठाकर मार दिया गया। उत्पाद विभाग गुंडागर्दी कर रहा है। सरकार शराबबंदी के नाम पर गरीबों को परेशान कर रही है। बड़े माफिया को कोई नहीं पकड़ रहा है, छोटे लोगों को पकड़कर पैसे वसूले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'छात्रों को एक मौका दें', शिक्षक भर्ती को लेकर जारी प्रदर्शन पर बोले CM योगी
तेजस्वी ने की जेल सुपरिटेंडेंट को सस्पेंड करने की मांग
इस मामले में तेजस्वी यादव ने मांग की कि जेल सुपरिटेंडेंट को तुरंत सस्पेंड किया जाए और इसकी स्पेशल जांच कराई जाए। साथ ही सरकार से परिवार को एक सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद देने की मांग की और कहा कि उनकी तरफ से परिवार की मदद की गई है और दोषियों पर कार्रवाई के लिए एक टाइम बाउंड सीमा तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, जेल सुपरिटेंडेंट को पद पर नहीं रहना चाहिए। पीड़ित परिवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोते हुए बताया कि उनका बेटा निर्दोष था। उसे जबरन उठाया गया और मार दिया गया। परिवार ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
