उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने विपक्ष और INDIA गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि आज कॉकरोच पार्टी है, कल सुअर पार्टी बनेगी तो क्या हम उसका भी समर्थन करने लगेंगे? उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में चल रहा विरोध प्रदर्शन संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक उड़ाने की कोशिश है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रदर्शन में इंडी गठबंधन के दल भी शामिल हैं और इसका उद्देश्य युवाओं को भ्रमित करना है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के नाम पर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वास्तविक छात्र अपने भविष्य और पढ़ाई पर ध्यान दे रहे हैं।
'शाहीन बाग पार्ट-3 जैसा है प्रदर्शन'
बीजेपी नेता ने प्रदर्शन की तुलना 'शाहीन बाग पार्ट-3' से करते हुए आरोप लगाया कि इसके पीछे विदेशी फंडिंग और राजनीतिक साजिश है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में वास्तविक नीट अभ्यर्थियों की मौजूदगी नहीं थी और यह आंदोलन छात्रों से ज्यादा राजनीतिक दलों का मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा दोबारा हो चुकी है और अब अधिकांश छात्र काउंसलिंग की तैयारी में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें: UP में नौकरी का सपना दिखाकर 60 हजार युवाओं से 100 करोड़ की ठगी
प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन के नेता युवाओं के मुद्दों की आड़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और केंद्र सरकार को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी हार के बाद नए-नए मुद्दे तलाशकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए प्रकाश पाल ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा चार बार प्रदेश की सत्ता में रही लेकिन पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कोई ठोस काम नहीं किया।
'65 प्रतिशत युवा मोदी सरकार के साथ'
उन्होंने दावा किया कि देश का अधिकांश युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करता है। उन्होंने कहा, युवाओं का बड़ा वर्ग सरकार की नीतियों के साथ खड़ा है और विपक्ष का दुष्प्रचार सफल नहीं होगा। आज बीजेपी सरकार में पिछड़ा वर्ग को सबसे अधिक ज्यादा मिला है।' उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में पिछड़ा वर्ग से उपमुख्यमंत्री होने और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछड़ा वर्ग से आने का भी उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें: योगी पर कटाक्ष या प्रेशर बनाने की राजनीति? क्या है बृजभूषण शरण सिंह का एजेंडा
2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
प्रकाश पाल ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने भ्रम फैलाकर कुछ सीटें जरूर हासिल कीं लेकिन अब जनता वास्तविकता समझ चुकी है। उन्होंने हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि बीजेपी ने कई राजनीतिक मिथक तोड़े हैं और उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। प्रकाश पाल के इस तीखे बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। वहीं, विपक्ष की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर भी राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
