उत्तर प्रदेश के आगरा में प्रेम प्रसंग से जुड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सदर क्षेत्र के रोहता स्थित एक कॉलोनी में बुधवार दोपहर युवती से मिलने एक युवक पहुंचा। दोनों में किसी बात पर विवाद हो गया। आरोपी ने महिला पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर पड़ी।
बाद में आरोपी युवक ने भी अपनी कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में युवती को सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अब प्रेम प्रसंग, विवाद की वजह और वारदात से पहले हुई बातचीत समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
शादीशुदा था आरोपी अरुण
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरुण कुमार निवासी इटौरा, मलपुरा के रूप में हुई है। वह सैंया टोल पर काम करता था। घायल युवती रोहता क्षेत्र की रहने वाली है। उसके पिता सेना में हैं और वर्तमान में ओडिशा में तैनात हैं। पुलिस के अनुसार अरुण शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार बुधवार दोपहर युवती अपनी एक सहेली के साथ कॉलोनी में पहुंची थी। इसी दौरान अरुण भी वहां आ गया। दोनों के बीच पहले से दोस्ती थी। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। इसी दौरान अरुण ने युवती पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। इसके बाद अरुण ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र कश्यप का इस्तीफा, कौशल किशोर नाराज! BJP में बढ़ी सियासी हलचल
सहेली के साथ कॉलोनी पहुंची थी युवती
घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घायल युवती को तत्काल सैनिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उसकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए है। युवती के होश में आने और बयान देने की स्थिति में पहुंचने के बाद पुलिस को घटना की असल वजह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पहले भी युवती ने दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अरुण के खिलाफ युवती ने कुछ समय पहले मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि वर्ष 2025 में युवती ने न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया था। इसमें उसने पहले लगाए गए आरोपों को गलत बताया और अरुण के पक्ष में बयान दिया था। इसके बाद मामला खत्म हो गया था।
पुलिस को यह भी पता चला है कि घटना से पहले युवती ने अरुण के भाई को फोन किया था और उससे अरुण की बात कराने के लिए कहा था। भाई ने उससे बात कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती अपनी सहेली के साथ बाहर निकली थी। इसी दौरान अरुण के वहां पहुंचने और दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें: सिपाही भर्ती की दौड़ में 2 मौतें, मथुरा के अतुल और शामली के विवेक ने तोड़ा दम
विवाद की वजह तलाश रही पुलिस
एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। हालांकि गोली चलाने की तत्काल वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। युवती के बयान के साथ ही कॉल डिटेल, आसपास के सीसीटीवी और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
