भारत में ज्यादातर लोग दूसरों के यहां नौकरी करते हैं। यह नौकरी सरकारी या प्राइवेट हो सकती है। ऐसे काम करने वाले लोग अक्सर इस कोशिश में रहते हैं कि कुछ अपना कर सकें। कई बार पैसों की कमी के चलते लोग रिस्क नहीं लेते और अपना कारोबार नहीं शुरू करते। लोगों की इसी समस्या को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार PM मुद्रा योजना चलाती है। इस योजना के तहत 20 लाख रुपये का तक लोन बिना गारंटी के मिल जाता है। यह लोन अपना बिजनेस शुरू करने के लिए दिया जाता है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य गैर-कॉर्पोरेट, गैर-कृषि लघु और सूक्ष्म उद्यमों को बिना किसी गारंटी के 20 लाख रुपये तक का लोन देना है ताकि लोग छोटे-छोटे रोजगार शुरू कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की शुरुआत 8 अप्रैल 2015 को की गई थी। यह योजना छोटे व्यवसायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए है। इसमें लोन की राशि हर वर्ग के अनुसार तय होती है। इस योजना के तहत लोन लेने के लिए पात्र को किसी भी प्रकार की संपत्ति गिरवी रखने की कोई जरूरत नहीं होती है।
पिछले 11 साल में इस योजना के तहत 39 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज बांटा जा चुका है। केंद्र सरकार के मुताबिक, जितने लोगों को इस योजना के तहत लोन मिला है उनमें 66 प्रतिशत महिलाएं हैं। साल 2024-25 में उत्तर प्रदेश के लोगों ने इस योजना के तहत 58,111 करोड़ और बिहार के लोगों ने 54,064 करोड़ का कर्ज लिया।
यह भी पढ़ें: बारिश में फसल खराब होने का है डर, यूं कराएं PM फसल बीमा योजना वाला इंश्योरेंस
इस योजना के फायदे
- छोटा व्यवसाय शुरू करने में मदद मिलती है
- बिना बड़ी गारंटी के लोन मिलने की संभावना होती है
- महिलाओं, युवाओं और छोटे व्यापारियों को लाभ मिलता है
- रोजगार के अवसर बढ़ते हैं
- नया व्यवसाय शुरू करना आसान हो जाता है
लोन की कैटगरी
- शिशु- इसमें 50,000 रुपये तक का लोन दिया जाता है। यह लोन उन उद्दमियों को दिया जाता है, जो अपना नया व्यापार शुरू करने जा रहे हैं।
- किशोर- इसमें 50,000 से 5 लाख तक का लोन दिया जाता है। यह उन स्थापित व्यवसायियों को दिया जाता है जिन्हें अपने व्यपार को आगे बढ़ाना होता है।
- तरुण- इसमें 5 लाख से 10 लाख तक का लोन बड़े और स्थापित व्यवसायों के विस्तार के लिए दिया जाता है।
- तरुण प्लस- यह विशेष रूप से उन उद्दमियों के लिए होता है जिन्होंने पहले तरुण श्रेणी के तहत लोन लिया हो और उसे सफलतापूवर्क चुकाया हो। इसमें 10 लाख से 20 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है।
कौन आवेदन कर सकता है?
- 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र का व्यक्ति
- छोटा व्यापारी
- दुकानदार
- महिला उद्यमी
- कारीगर
- स्वरोजगार करने वाले लोग
- नया व्यवसाय शुरू करने वाले लोग
यह भी पढ़ें: आयुष्मान कार्ड कैसे बनवाएं? आपके हर सवाल का यहां मिलेगा जवाब
कौन-कौन से दस्तावेज लगते हैं?
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- फोटो
- मोबाइल नंबर
- बैंक पासबुक
- निवास प्रमाण
- व्यवसाय से संबंधित जानकारी
- बैंक अतिरिक्त दस्तावेज भी मांग सकते हैं।
आवेदन कैसे करें?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आप किसी भी सरकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, सहकारी बैंक, छोटे वित्त बैंक या माइक्रो फाइनेंस संस्थान (MFI) से संपर्क कर सकते हैं। आप आधिकारिक जनसमर्थ पोर्टल या संबंधित बैंक की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
ध्यान रखने वाली बातें
- लोन मिलने की गारंटी नहीं होती, बैंक जांच के बाद ही मंजूरी देता है।
- समय पर किस्त भरना जरूरी है।
- गलत जानकारी देने पर आवेदन रद्द हो सकता है।
