कर्मचारियों को काम के बदले सैलरी और बोनस मिलना आम बात है, लेकिन चीन में एक महिला बॉस ने अपने स्टाफ को बहुत खास इनाम दिया है। इस इनाम की चर्चा अब सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। उन्होंने अपने कर्मचारियों को बोनस या गिफ्ट वाउचर देने के बजाय सीधे BMW कारें गिफ्ट कर दीं। इतनी मंहगी कार अपने कर्मचारियों को गिफ्ट में दी तो यह बड़ी खबर बन गई। इसके पीछे वजह भी बेहद खास है, जिसके कारण मामला और भी ज्यादा दिलचस्प हो गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला चीन के हेनान प्रांत के जियाओजुओ शहर का है। यहां हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वाली मा यानली ने अपने दो कर्मचारियों को BMW कारें दी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कर्मचारी लंबे समय से कंपनी के साथ जुड़े हैं और उनके काम से बॉस काफी प्रभावित थीं।
यह भी पढ़ें: बेतिया में घर के बाहर खेल रही 2 साल की बच्ची लापता, CCTV में महिला ले जाती दिखी
क्यों गिफ्त की कारें?
बॉस के द्वारा कारें गिफ्ट करने के पिछे बेहद खास वजह है। दरअस्ल, पिछले साल सर्दियों के दौरान मा यानली ने देखा कि उनके कर्मचारी कड़ाके की ठंड में इलेक्ट्रिक स्कूटर चलाकर काम पर पहुंचते हैं। एक दिन उन्होंने अपनी कर्मचारी ली जी को बेहद ठंडे मौसम में स्कूटर से आते देखा। ठंडी हवा के कारण उनका चेहरा लाल हो गया था और हाथ भी अकड़ गए थे। कर्मचारी इसी स्थिति में रेस्टोरेंट आकर काम शुरू कर देते थे जिससे उन्हें दिक्कत होती थी। यह देखकर बॉस को कर्मचारियों की परेशानी का एहसास हुआ।
इसके बाद मा यानली ने तय किया कि अगर उनके कर्मचारी इतनी मेहनत कर रहे हैं तो उन्हें बेहतर सुविधा भी मिलनी चाहिए। उन्होंने अच्छे प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को कार देने का फैसला किया। आखिरकार 24 सितंबर को उन्होंने अपने दो कर्मचारियों को BMW की चाबी सौंप दी।
लाखों में है कीमत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक BMW की कीमत करीब 3 लाख चीनी युआन यानी लगभग 43-45 लाख भारतीय रुपये है। दोनों कारों की कीमत मिलाकर करीब 90 लाख रुपये के आसपास बैठती है। खास बात यह है कि कर्मचारियों को इन कारों के लिए अपनी जेब से कोई पैसा नहीं देना पड़ा।
यह भी पढ़ें: संपत्ति विवाद में जेठ-जेठानी ने महिला पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 75 फीसदी झुलसी
कर्मचारियों को मिला सरप्राइज
ली जी करीब 8 साल से महिला बॉस के रेस्टोरेंट में काम कर रही हैं। उन्हें जब BMW शोरूम ले जाया गया तो उन्हें पहले से पता नहीं था कि उनके साथ क्या होने वाला है। बॉस ने रास्ते में बस इतना कहा कि वह उन्हें एक बड़ा खिलौना देने जा रही हैं। शोरूम पहुंचने के बाद जब उन्हें कार की चाबी मिली तो वह हैरान रह गईं।
दूसरी कर्मचारी लियू यिंगयिंग को भी BMW दी गई। बॉस ने उनके काम की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपनी मेहनत और अच्छे प्रदर्शन के कारण इस इनाम की हकदार हैं। मा यानली का कहना है कि बिजनेस को सफल बनाने में कर्मचारियों की मेहनत का बड़ा योगदान है और इसलिए वह चाहती हैं कि सफलता का फायदा उन्हें भी मिले। कार देने का यह मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
