महाराष्ट्र में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगने ही वाला था। पूर्व विधायक राहुल बोंडरे पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने वाले थे। इससे पहले ही राहुल गांधी के फोन ने उन्हें रोक लिया। अब इस बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें राहुल गांधी राहुल बोंडरे को समझा रहे हैं कि उन पर दबाव बनाने की कोशिश हो रही लेकिन उन्हें गलती नहीं करनी है। इस बातचीत के बाद राहुल बोंडरे को भी हिम्मत मिली और उन्होंने कहा कि वह बीच में कहीं हार गए थे लेकिन अब चाहे जो हो जाए वह कांग्रेस में ही रहेंगे और लड़ेंगे।
हाल ही में राहुल बोंडरे ने एक फेसबुक लाइव किया था और कहा था कि वह बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। चिखली विधानसभा से उन्हें हराने वाली श्वेता महाले ने भी कहा था कि राहुल बोंडरे 22 सितंबर को सीएम देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल होंगे। इससे पहले ही राहुल गांधी के एक फोन ने खेल पलट दिया। हालांकि, अभी यह देखना बाकी है कि राहुल बोंडरे कांग्रेस में बने रहते हैं या नहीं।
राहल गांधी से क्या बातचीत हुई?
इस बातचीत में राहुल गांधी कहते हैं, 'आप कांग्रेस पार्टी के वफादार आदमी हो। गलती मत कर जाना। ये आप पर मनोवैज्ञानिक दबाव डाल रहे हैं। ये चाहते हैं कि आप भग जाओ और कंपटीशन खत्म हो जाए और इनका मतलब चले। इन बातों में मत पड़ो।'
यह भी पढ़ें: 'मुस्लिमों में चचेरी बहन से शादी अच्छी मानते हैं', वायरल हुआ राम गोपाल का बयान
इस पर राहुल बोंडरे ने कहा, 'भैया, मैं आपकी तरफ देखकर ही लड़ रहा था। कुछ हार गया था बीच में लेकिन आपने फोन किया तो फिर से हिम्मत जुटाकर मैं लड़ूंगा।'
इस पर राहुल गांधी ने कहा, 'एक बात आप समझ लो कि हारे बिना जीता नहीं जा सकता है। हार के बिना जीत होती ही नहीं है। जीत की फाउंडेशन ही हार है।'
राहुल बोंडरे ने आगे कहा, 'आपका फोन आया तो भैया मैं सबकुछ गंवा दूंगा, मेरा सब गया तब भी मैं आपकी लड़ाई में आपका साथ दूंगा।' इतना कहकर वह रोने लगे। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें 'लव यू' कहा और बातचीत खत्म हो गई।
यह वीडियो पूर्व पत्रकार और अब कांग्रेस की सदस्य सुप्रिया भारद्वाज ने भी शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 जिलों के DM बदले, 34 अफसरों का ट्रांसफर
कौन हैं राहुल बोंडरे?
राहुल बोंडरे महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले की चिखाली विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। वह 2009 और 2014 में जीतने के बाद 2019 और 2024 में कम अंतर से चुनाव हार चुके हैं। 2024 में तो वह सिर्फ 3201 वोटों के अंतर से हार गए थे। पेश से इंजीनियर रहे राहुल बोंडरे बुलढाणा जिले के कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे हैं।
