कॉमेडियन पुलकित मणि अचानक राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गए हैं। उन्होंने 19 सितंबर को इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में हिस्सा लिया, तब से लेकर अब तक, सोशल मीडिया फीड पर वह छाए हुए हैं। पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की, जिसके बाद यह मामला बड़ा राजनीतिक विवाद बन गया।
अपने परफॉर्मेंस में पुतलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोलने के अंदाज, हाव-भाव और इशारों की नकल की, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता इसे फूहड़ मजाक बता रहे हैं और राहुल गांधी को राजनीतिक तौर पर अपरिपक्व बता रहे हैं। सबके निशाने पर पुलकित मणि हैं।
यह भी पढ़ें: 'सिस्टम नहीं चाहता सवाल उठें...', राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' में क्या कहा?
कौन हैं पुलकित मणि?
पुलकित मणि को ऑनलाइन 'हनी' या 'हनी इज फनी' नाम से मशहूर हैं। उनका यूजरनेम @hunnywhoisfunny है। वह एक भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। उन्हें मिमिक्री, व्यंग्य और शॉर्ट-फॉर्म कॉमेडी वीडियो के लिए अब लोग जानते हैं।
वह साल 2021 से पेशेवर तौर पर स्टैंड-अप कॉमेडी कर रहे हैं। वह सोशल मीडिया के चर्चित चेहरों में से एक है। उनके निशाने पर राष्ट्रवादी सरकारें रहीं हैं। उनकी कॉमेडी में अक्सर बड़ी हस्तियों की नकल झलकती है। वह सामाजिक मुद्दों पर व्यंग करते हैं। पीएम मोदी की मिमिक्री की वजह से लोग उन्हें जानते हैं।
पहले फ्रेंच सिखाते थे, अब बन गए कॉमेडियन
कॉमेडियन बनने से पहले पुलकित मणि नोएडा के एक स्कूल में फ्रेंच टीचर के तौर पर काम करते थे। वह अनुवादक भी थे। बाद में उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी और डिजिटल कंटेंट की तरफ रुख किया। मिमिक्री के साथ राजनीतिक बयनबाजी में व्यंग डालकर उन्होंने अलग शैली बनाई है। इंस्टाग्राम पर वह खूब वायरल हैं।
यह भी पढ़ें: 'ट्रंप के आगे मत झुकिए', UPI चार्ज पर राहुल गांधी का PM मोदी पर हमला
मोदी की मिमिक्री का वीडियो हुआ वायरल
पुलकित मणि साल 2026 में उस समय ज्यादा चर्चा में आए, जब पीएम मोदी के विदेशी नेताओं के साथ बातचीत के अंदाज की नकल करता उनका वीडियो वायरल हो गया था। इस एक्ट में पीएम मोदी के खास अंदाज, हंसी, हाथों की हरकतें, विदेशी नेताओं को गले लगाना और बार-बार 'माय फ्रेंड' कहने की आदत को दिखाया गया था। इस वीडियो को कथित तौर पर लाखों व्यूज मिले थे। इसकी रीच में बाद घट गई थी, जिसके बाद विपक्ष ने राजनीतिक व्यंग्य, कॉमेडी और ऑनलाइन कंटेंट रेगुलेशन को लेकर बड़ी बहस खड़ी की।
इंदौर कार्यक्रम पर विवाद क्यों?
पुलकित मणि, राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में उनके साथ मंच पर नजर आए। इस स्टेज परफॉर्मेंस में उन्होंने एक बार फिर पीएम मोदी की मिमिक्री की, जिसमें पीएम के विदेशी नेताओं के साथ बातचीत के अंदाज को दिखाया। हाल ही में एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगवाने की एक घटना का भी जिक्र उन्होंन किया।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी हंसते और पुलकित मणि के साथ बातचीत करते नजर आए। इस परफॉर्मेंस के वीडियो कांग्रेस से जुड़े अकाउंट्स समेत सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए गए।
इस परफॉर्मेंस पर BJP नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री और एक बुजुर्ग महिला के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों की इजाजत दी। BJP प्रवक्ता सीआर केशवन ने इस घटना को 'असभ्य संस्कृति' करार दिया, जबकि पार्टी के अन्य नेताओं ने भी इस पर आपत्ति जताई।
यह भी पढ़ें: 'घर बुलाकर रेड मीट खिलाते राहुल गांधी', ब्रिक्स डिनर मेन्यू पर बोले गिरिराज सिंह
'रॉ हनी' शो और बढ़ती डिजिटल फैन फॉलोइंग
पुलकित मणि ने अपनी कॉमेडी को सिर्फ छोटे सोशल मीडिया क्लिप्स तक सीमित नहीं रखा है। फरवरी 2026 में यूट्यूब पर रिलीज हुए उनके स्टैंड-अप स्पेशल 'रॉ हनी' को भी काफी बड़ी ऑनलाइन ऑडियंस मिली है। वह लगातार लाइव शो करते हैं और साथ ही इंस्टाग्राम और यूट्यूब के जरिए अपने काम को लोगों तक पहुंचाते हैं।
मेटा के साथ लड़ चुके हैं कानूनी लड़ाई
पुलकित मणि इसी महीने पहले भी सुर्खियों में रहे थे, जब उन्होंने कॉपीराइट स्ट्राइक को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था, जिसकी वजह से उनकी कुछ ओरिजिनल इंस्टाग्राम रील्स हटा दी गई थीं। कॉमेडियन ने आरोप लगाया था कि कॉपीराइट शिकायतों के बाद उनका कंटेंट हटाया गया। सुनवाई के दौरान मेटा ने कोर्ट को बताया कि उसने दो रील्स को बहाल कर दिया है। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले में प्रतिवादियों को समन जारी किया था।
