मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्र मोहन यादव गुरुवार, 26 नवंबर को भोपाल में बीजेपी की प्रदेश स्तरीय बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के दौरान वह बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ मंच पर बैठे थे। इसी दौरान एक महिला टीचर मंच पर बैठे मुख्यमंत्री से अपनी बात सुनने की गुहार लगाने लगी। बाद में महिला की पहचान सोनम दांगी के रूप में हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने और अपनी शिकायत सुनने की अपील की। बीजेपी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात रखने पर अड़ी रहीं। मुख्यमंत्री ने उनकी अपील पर जवाब दिया, 'ओके' यानी ठीक है।

 

दरअसल, सोनम दांगी वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग कर रही हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, वह करीब 1,000 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाना चाहती थीं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद नियमों में बदलाव किया गया, जिससे चयन होने के बावजूद उनकी नियुक्ति अटक गई। सोनम के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ करीब पांच महीने से इस मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।

बीजेपी का दुपट्टा पहनकर बैठक में पहुंची थीं सोनम

भोपाल समाचार की रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी प्रदेश कार्यालय में केवल आमंत्रित सदस्यों के लिए प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। सोनम दांगी बीजेपी का दुपट्टा पहनकर बैठक में पहुंची थीं। उन्होंने अचानक 'हमारी मांगें पूरी करो' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद वह मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने पहुंच गईं।

 

सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रहीं। आखिरकार मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी से उठकर उनकी बात सुननी पड़ी। भोपाल समाचार ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि सोनम ने बीजेपी कार्यकर्ता के भेष में बैठक में प्रवेश किया था। सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव सोनम दांगी से पहले भी मुलाकात की थी। 

सोनम दांगी की उम्मीदवारी पर भी सवाल

'द सूत्र' की 26 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनम दांगी की अपनी उम्मीदवारी को अमान्य बताया गया है। रिपोर्ट में उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर कहा गया है कि आवेदन की अंतिम तारीख तक उनके पास जरूरी व्यावसायिक योग्यता नहीं थी।

 

रिपोर्ट के अनुसार, प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 25 अगस्त 2025 थी। सोनम ने डीएलएड द्वितीय वर्ष की परीक्षा 5 अगस्त 2026 को पास की थी। यानी आवेदन की अंतिम तारीख के करीब एक साल बाद उन्होंने यह योग्यता हासिल की। आवेदन के समय वह डीएलएड प्रथम वर्ष पास थीं।

 

यह भी पढ़ें: SD Pay ऐप से 1,211 करोड़ की ठगी, सुरजेवाला ने मोदी सरकार को घेरा

नियुक्ति का पूरा मामला समझिए

यह पूरा मामला मध्य प्रदेश में वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती से जुड़ा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि कर्मचारी चयन मंडल (ESB) की नियमावली के नियम 49 के तहत अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे छात्र भी भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकते थे। हालांकि, उन्हें दस्तावेज सत्यापन के समय तक निर्धारित शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यता पूरी करनी थी।

 

अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया में लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने अलग नियम लागू कर दिया। विभाग का कहना है कि आवेदन की अंतिम तारीख तक जरूरी योग्यता पूरी होना अनिवार्य था। इसी अंतर की वजह से चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति अटक गई है।

 

भोपाल समाचार ने अपनी रिपोर्ट में ESB की नियमावली और DPI की नियम पुस्तिका के प्रावधानों के बीच अंतर बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ESB के नियम 49 में दस्तावेज सत्यापन तक योग्यता पूरी करने की बात है, जबकि DPI की नियम पुस्तिका में आवेदन की अंतिम तारीख तक योग्यता होना जरूरी बताया गया है।

 

यह भी पढ़ें: खाने पर टूटे, खंभे पर चढ़े, पूरियां बटोरीं, अनंत सिंह की बेटी की शादी में नजारा

पांच महीने से कर रही थीं प्रदर्शन

'द सूत्र' की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनम दांगी ने बताया था कि वह अपने साथियों के साथ करीब पांच महीने से भोपाल में नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। अभ्यर्थियों ने लोक शिक्षण संचालनालय (DPI), नीलम पार्क और बोर्ड ऑफिस के सामने भी विरोध जताया था।


उनका सवाल था कि जब भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हुआ, परीक्षा आयोजित की गई और अभ्यर्थियों का चयन भी हो गया, तो फिर उन्हें नियुक्ति क्यों नहीं दी जा रही है।