सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन के बाद अब उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने भी 2026 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए डेट शीट जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू हो जाएंगी। इस साल दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक साथ ही शुरू होंगी और एक साथ 12 मार्च को खत्म हो जाएंगी। दोनों कक्षाओं का पूरा शेड्यूल आप आधिकारिक वेबसाइट https://upmsp.edu.in/ पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
डेट शीट के अनुसार, परीक्षाएं दो शिफ्ट में होंगी। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट में दोपहर बाद 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। 10वीं क्लास में पहले दिन हिंदी का पेपर होगा और उसके बाद अन्य पेपर होंगे। इस साल हाईस्कूल में कुल 2750945 स्टूडेंट्स शामिल होंगे। इनमें 1438682 लड़के और 1312263 लड़कियां शामिल होंगी। वहीं इंटरमीडिएट के 2479352 स्टूडेंट्स में 1303012 लड़के और 1176340 लड़कियां शामिल होंगी।
यह भी पढ़ें-- SBI क्लर्क प्रीलिम्स परीक्षा का रिजल्ट घोषित, कटऑफ लिस्ट भी हुई जारी
कैसे डाउनलोड करें डेटशीट?
बुधवार 5 नवंबर को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर डेटशीट जारी करने की जानकारी दी। बोर्ड ने कहा, 'उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का पेपर शेड्यूल जारी कर दिया है। यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं एक साथ 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च को खत्म हो जाएंगी।' बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप आसानी से डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
- सबसे पहले यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाएं।
- होम पेज पर सबसे नीचे जाएं।
- यहां 'UP Board Exam Datesheet 2026' लिंक पर क्लिक करें।
- लिंक पर क्लिक करते ही एक PDF फाइल खुलेगी, जिसमें 10वीं और 12वीं की डेट शीट दी होगी।
- इस फाइल को डाउनलोड कर लें और अपनी नोटबुक में नोट कर लें।
यह भी पढ़ें-- CA टॉपर्स ने बताई स्ट्रैटजी, AI, सोशल मीडिया और वर्क-आउट के साथ की 12 घंटे पढ़ाई
10वीं की डेटशीट
इस साल यूपी बोर्ड की 10वीं की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी और पहले दिन हिंदी का पेपर होगा। हर दिन दो शिफ्ट रखी गई हैं। सोशल साइंस का पेपर 20 फरवरी को होगा, अंग्रेजी का 23 फरवरी को, साइंस का 25 फरवरी, मैथ का पेपर 27 फरवरी, संस्कृत का पेपर 28 फरवरी को होगा।
परीक्षाओं के बीच होली
पिछले साल होली से पहले परीक्षाएं खत्म हो गई थीं लेकिन इस साल 4 मार्च को होली का त्योहार है और इस दौरान बोर्ड की परीक्षाएं भी जारी रहेंगी। हालांकि, बोर्ड होली से पहले ही मुख्य विषयों की परीक्षा करवा लेगा। हाई स्कूल की होली के बाद सात मार्च बिजनेस का पेपर है। इसके बाद वैकल्पिक विषयों के पेपर हैं। इन विषयों में स्टूडेंट्स की संख्या कम होती है। होली के दौरान 1 मार्च से 6 मार्च के बीच कोई भी परीक्षा नहीं होती। इससे इस साल परीक्षाएं पिछले साल की तुलना में छह दिन ज्यादा चलेंगी। इसके साथ ही प्रमुख विषयों की परीक्षाओं में तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया गया है।


