ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद गालिबफ ने रविवार को कहा कि हमें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि यूएस बातचीत का रास्ता चुनता या जंग का। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अगर अमेरिका हमारी सातों शर्तों को मान लेता है तो समझौते का रास्ता खुला है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ईरान 'न युद्ध और न शांति' की स्थिति में रहेगा। अगर अमेरिका एक और गलती करता है तो ईरान की ताकतवर सशस्त्र बल लड़ाई का मैदान तय करेंगे।
गालिबफ ने अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का जिक्र भी किया। कहा, 'अमेरिकी वित्त सचिव के बेतुके बयान और गलत भाषा से पता चलता है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्लामिक रिपब्लिक की अथॉरिटी के सामने कितना हताश हैं। जो आने वाले खतरों के डर से अपना घर छोड़कर सैन्य बंकरों में चला गया है, उसे महान और बहादुर देशों की बेइज्जती करने के बजाय फारस की खाड़ी में अपनी स्ट्रेटेजिक नाकामियों पर विचार करना चाहिए। उनकी अभद्र भाषा ईरान की ताकत को लेकर गहरी निराशा को दिखाती है।'
यह भी पढ़ें: ईरान में इराक सीमा पर कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 की मौत; 16 घायल
पड़ोसी देशों से हर्जाना वसूलेगा ईरान
उधर, ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जिन देशों ने ईरान पर हमला करने के लिए अपने हवाई क्षेत्रों को बंद किया, उन्हें हर्जाना देना होगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने ईरान को हुए नुकसान के लिए क्षेत्रीय देशों को जिम्मेदार ठहराया।
बघाई ने कहा कि ईरान को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से जो नुकसान हुआ है, वह कुछ इलाके के देशों की हरकतों के कारण हुआ है। जिन देशों ने ईरान के खिलाफ हमले में किसी भी प्रकार की भूमिका निभाई, उन्हें हमलावरों का साथी माना जाता है। वे ईरान के खिलाफ किए गए अपराधों के लिए जिम्मेदार हैं। बघाई ने आगे कहा कि जिन देशों ने ईरान पर हमलों के लिए जगह और एयरस्पेस दिया है, उन्हें हर्जाना देना होगा।
यह भी पढ़ें: 'कोई VIP शामिल नहीं', अंकिता भंडारी केस के दोषी के पिता ने पब्लिक की चैट
रडार सिस्टम को निशाना बनाया: आईआरजीसी
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े एयरोस्पेस फोर्स ने रविवार सुबह बहरीन के अल-रिफा स्थित अमेरिकी रडार सिस्टम पर छह ड्रोन से हमला करने का दावा किया है। यह अमेरिका का हेलीकॉप्टर बेस है। एक दिन पहले भी आईआरजीसी ने रडार सिस्टम को नुकसान पहुंचाने का दावा किया था, लेकिन अमेरिकी सेंटकॉम ने इन दावों को खारिज कर दिया था।
एक बयान में आईआरजीसी ने कहा, 'एयरोस्पेस फोर्स ने अमेरिकी हमले के निर्णायक और कुचलने वाले जवाब के दूसरे चरण में रडार सिस्टम को निशाना बनाया। इन ड्रोन का सटीक और सफल असर बहरीन के अलग-अलग हिस्सों में सुना गया, जिससे एक बार फिर आईआरजीसी की ऑपरेशनल क्षमता का पता चला।'
