टीम इंडिया के विध्वंसक सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने गुरुवार (12 फरवरी) को नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में गदर काट दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ईशान ने नामीबिया के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 20 गेंद में फिफ्टी ठोक दी। उन्हें पहले दो ओवर में सिर्फ चार गेंद खेलने का मौका मिला था, जिसमे वह दो सिंगल ही निकाल पाए थे।
इस दौरान संजू सैमसन ने मोर्चा संभाल रखा था और वह 8 गेंद में 22 रन जड़कर आउट हुए। संजू का विकेट दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर गिरा। इसके बाद ईशान ने रन बनाने का जिम्मा उठाया और तीसरे ओवर में लगातार दो चौके जड़े। चौथे और पांचवें ओवर में भी उनके बल्ले से एक-एक बाउंड्री आई। ईशान पावरप्ले के आखिरी ओवर में नामीबिया के गेंदबाज जेजे स्मिट पर कहर बनकर टूटे।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान ने इस लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर की पहली गेंद को शॉर्ट थर्ड की ओर गाइड किया, जिस पर कोई रन नहीं आया। इसके बाद उन्होंने हवाई रास्ता अपनाया और 4 गेंद पर 4 छक्के जड़ दिए। ईशान ने आखिरी गेंद को पुल किया और 250 के स्ट्राइक रेट से अपना पचासा पूरा कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
यह भी पढ़ें: नेपाल की टीम को क्या हुआ? इंग्लैंड को दी कड़ी टक्कर लेकिन इटली से हारी
रोहित के बराबर पहुंचे ईशान
दरअसल, ईशान ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में दूसरी बार पहले 6 ओवर के अंदर अर्धशतक जड़ा। रोहित शर्मा ने भी दो बार यह कारनामा किया था। इस मामले में अभिषेक शर्मा नंबर-1 पर हैं। बीमार होने के चलते नामीबिया के खिलाफ चयन के लिए अनुपलब्ध रहे अभिषेक अब तक तीन बार पावरप्ले में फिफ्टी लगा चुके हैं।
यह भी पढ़ें: होटल का बिल नहीं चुकाया... ऑस्ट्रेलिया में बेइज्जत हुए पाकिस्तानी खिलाड़ी
भारत का रिकॉर्ड पावरप्ले स्कोर
ईशान ने छठे ओवर में 28 रन बटोरते हुए भारत को पावरप्ले की समाप्ति तक 86/1 के स्कोर तक पहुंचा दिया। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का यह बेस्ट पावरप्ले स्कोर रहा। ईशान फील्ड खुलने के बाद भी रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने सातवें ओवर में भी लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा। हालांकि आठवें ओवर में उनका तूफान थम गया। नामीबिया के कप्तान गेरार्ड इरास्मस ने उन्हें डीप मिडविकेट पर लपकवा दिया। ईशान 24 गेंद में 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए।
टी20 वर्ल्ड कप के पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर
- वेस्टइंडीज - 92/1 बनाम अफगानिस्तान, 2024
- नीदरलैंड्स - 91/1 बनाम आयरलैंड, 2014
- इंग्लैंड - 89/3 बनाम साउथ अफ्रीका, 2016
- भारत - 86/1 बनाम नामीबिया, 2026
